राजधानी में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। दिन में तेज धूप अब चुभन पैदा करने लगी है और फरवरी के मध्य में ही मार्च जैसी गर्मी का अहसास होने लगा है। तापमान में लगातार हो रही बढ़ोतरी ने लोगों को समय से पहले ही गर्मी की आहट महसूस करा दी है।
इसी बीच नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से मंगलवार को आसमान में बादलों की आवाजाही देखने को मिल सकती है। हालांकि मौसम विभाग ने साफ किया है कि बूंदाबांदी की कोई संभावना नहीं है। बादलों की हल्की मौजूदगी के बावजूद मौसम शुष्क ही बना रहेगा।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार के अनुसार अगले दो दिनों में रात के तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि के संकेत हैं। विक्षोभ के प्रभाव से न्यूनतम तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है, जबकि किसी बड़े मौसमीय बदलाव की फिलहाल संभावना नहीं है। रविवार को अधिकतम तापमान 0.7 डिग्री की बढ़त के साथ 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 1.1 डिग्री बढ़कर 11.3 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।