उत्तर प्रदेश में बूंदाबांदी संग मौसम ने करवट लिया है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 48 घंटे में रात के पारे में 2 से 4 डिग्री तक की गिरावट आएगी। अगले दो दिन तात्कालिक तौर पर मौसम साफ रहने के संकेत है। 27 दिसंबर से बारिश के साथ दिन व रात के तापमान में फिर से बदलाव दिखेगा।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के असर से 27 व 28 दिसंबर को प्रदेश विभिन्न इलाकों गरज चमक के साथ हल्के से मध्यम बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है। इस बीच तराई इलाकों के साथ ही आगरा आदि में ओले गिरने की भी संभावना है। साथ ही दिन व रात के पारे में गिरावट के साथ सर्दी बढ़ेगी।
सोमवार की देर रात से ही पश्चिमी यूपी के विभिन्न इलाकों में गरज के साथ पड़ी फुहारों के बाद मंगलवार को सुबह राजधानी लखनऊ समेत कानपुर, आगरा, बरेली और मेरठ आदि में हल्की बारिश देखने को मिली। ज्यादातर इलाकों में तापमान में उतार चढाव के बीच दिन भर बादल छाए रहे।
दिन में बढ़ी गलन
बादलों की मौजूदगी और बारिश की वजह से दिन के पारे में गिरावट से हवा में गलन भी रही। हालांकि सोमवार की रात के पारे में उछाल देखने को मिला। मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश में अगले 48 घंटे में दिन व रात दोनों के तापमान में उतार-चढाव देखने को मिलेगा।
मनाली में बर्फबारी: क्रिसमस मनाने पहुंचे पर्यटक के कारण सड़कों पर वाहनों की कतार
- फोटो : अमर उजाला / एजेंसी
जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के पहाड़ों पर बर्फबारी से पंजाब, हरियाणा, दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में ठंड बढ़ गई। जम्मू-कश्मीर के सोनमर्ग समेत पर्वतीय इलाके बर्फ की सफेद चादर से ढक गए हैं। लगातार हिमपात ने दुश्वारियां भी बढ़ा दी हैं। कई हाईवे और सड़कें बंद हैं। वहीं, हिमाचल के रोहतांग व कूफरी में भारी बर्फबारी के चलते 10 हजार सैलानी फंस गए, जिन्हें सुरक्षित निकाला गया।
हिमाचल प्रदेश में भारी बर्फबारी के कारण तीन एनएच और 115 से अधिक सड़कें बंद हो गई हैं। बर्फ हटाने के लिए 268 मशीनें तैनात की गई हैं। 70 विभागीय जेसीबी, 96 किराये की मशीनें, 13 उन्नत स्नो ब्लोअर और 13 बुलडोजर वर्तमान में काम कर रहे हैं। पंजाब में घना कोहरा देखने को मिला है। वहीं, राजस्थान, मध्य प्रदेश और हरियाणा में बारिश भी हुई। राजस्थान के गंगानगर, अनूपगढ़, चुरू और बीकानेर में 10 मिमी तक बारिश हुई। राजस्थान में अगले तीन दिन और मध्य प्रदेश में अगले 4 दिन ओले-बारिश का अलर्ट है। इसके चलते राजस्थान सरकार ने 25 दिसंबर से 5 जनवरी तक स्कूलों की छुट्टी घोषित कर दी है।