उत्तर प्रदेश में मानसून की विदाई शुरू हो गई है, लेकिन जाते-जाते मौसम फिर करवट ले सकता है। बंगाल की खाड़ी में बन रहे नए मौसम तंत्र के असर से बुधवार से प्रदेश के कुछ हिस्सों में दो-तीन दिन तक छिटपुट बूंदाबांदी हो सकती है। हालांकि मंगलवार को प्रदेश में बारिश की कोई चेतावनी नहीं है और मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान है।
विज्ञापन
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि 21 सितंबर को राजस्थान से मानसून की वापसी शुरू हो गई है। पंजाब और हरियाणा से भी मानसून पूरी तरह लौट चुका है। अगले दो-तीन दिनों में पश्चिमी उत्तर प्रदेश से मानसून की विदाई के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। इसके बाद मध्य और पूर्वी उत्तर प्रदेश से भी मानसून की औपचारिक विदाई होगी।
उन्होंने बताया कि फिलहाल दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में मध्य क्षोभमंडल स्तर पर ऊपरी चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसके असर से यूपी में बुधवार से दो-तीन दिन बूंदाबांदी का दाैर देखने को मिल सकता है।