पुरवाई के असर से मौसम में बदलाव के बीच यूपी के तराई इलाकों में बुधवार को घना कोहरा देखने को मिला। दिन व रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज हुई। घने कोहरे की वजह से बरेली और आगरा में दृश्यता शून्य तक सिमट गई। बलिया, अमेठी, बहराइच आदि में दृश्यता 200 मीटर तक रही। मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार के लिए यूपी के 30 से ज्यादा जिलों में घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। अगले दो दिन यूपी में अधिकतम व न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़त के आसार हैं। साथ ही पूर्वा हवा के असर से तराई और पूर्वांचल समेत प्रदेश के विभिन्न इलाकों में घना कोहरा छाएगा।