काठमांडू में मौसम खराब होने के कारण तीन अंतरराष्ट्रीय विमानों को लखनऊ एयरपोर्ट डायवर्ट किया गया। बैंकॉक, शारजाह और हांगकांग से आने वाली उड़ानें देर रात लखनऊ उतरीं। मौसम सामान्य होने के बाद सभी विमानों को दोबारा काठमांडू रवाना कर दिया गया। यात्रियों को अस्थायी असुविधा हुई।
नेपाल में शुक्रवार रात अचानक मौसम खराब हो जाने के कारण नेपाल की राजधानी काठमांडू जाने वाले तीन अंतरराष्ट्रीय विमानों को शुक्रवार देर रात लखनऊ एयरपोर्ट पर डायवर्ट करना पड़ा। एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक, शुक्रवार रात नेपाल में अचानक मौसम खराब होने के कारण विमान संचालन में दिक्कत आने लगी।
विज्ञापन
जिसके चलते 3 विमानों को डायवर्ट कर लखनऊ एयरपोर्ट पर उतारा गया। बाद में मौसम सही होने पर उन्हें पुनः काठमांडू के लिए रवाना कर दिया गया। एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक, शुक्रवार रात बैंकॉक से रात 11 बजे काठमांडू पहुंची थाई एयरवेज इंटरनेशनल की फ्लाइट संख्या टीजी-309 काठमांडू एयरपोर्ट पर नहीं उतर सकी।
एयरपोर्ट पर आसमान में चक्कर लगाने के बाद उसे लखनऊ डायवर्ट कर दिया गया। इस विमान में 134 यात्री और 7 क्रू मेंबर सवार थे। वहीं शारजाह से रात 10:40 बजे काठमांडू पहुंचने वाली एयर अरेबिया की फ्लाइट संख्या जी-9530 को काठमांडू एयरपोर्ट पर उतरने की अनुमति नहीं मिली। जिससे वह काठमांडू एयरपोर्ट से पहले ही रास्ते में कई चक्कर लगाती रही।
विज्ञापन
बाद में इसे भी लखनऊ डायवर्ट कर दिया गया। इस विमान में 173 यात्री एवं क्रू मेंबर मौजूद थे। इसके अलावा हांगकांग से रात 9:45 बजे काठमांडू पहुंची कैथे पेसिफिक फ्लाइट संख्या सीएक्स-603 काठमांडू एयरपोर्ट पर नहीं उतर सकी। बल्कि उसे भी लखनऊ डायवर्ट कर दिया गया।
इस विमान में 311 यात्री और 7 क्रू मेंबर सवार थे। तीनों विमान रात करीब 10 बजे से 11:30 बजे के बीच लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचे। एयरपोर्ट प्रशासन ने सभी यात्रियों की आवश्यक सुविधाओं का ध्यान रखते हुए व्यवस्थाएं सुनिश्चित कीं।
बाद में नेपाल में मौसम की स्थिति सामान्य होने पर सभी विमानों को पुनः काठमांडू के लिए रवाना कर दिया गया। इस दौरान यात्रियों को थोड़ी असुविधा का सामना करना पड़ा, लेकिन स्थिति जल्द ही सामान्य हो गई।