फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Coronavirus in UP Live Updates: हॉटस्पॉट्स की ड्रोन से निगरानी, प्रदेश में 14 नए कोरोना पॉजिटिव, 433 पहुंची संख्या

Sat, 11 Apr 2020 12:04 AM IST
शाहरुख खान अमर उजाला नेटवर्क, लखनऊ

खास बातें

प्रदेश में नोवेल कोरोना वायरस के शुक्रवार को 14 नए मामले सामने आए हैं। इनमें से 12 तब्लीगी जमात के हैं। नए मामले मिलाकर अब प्रदेश में कोविड-19 पॉजिटिव केस बढ़कर 433 हो गए हैं। इनमें से 245 तब्लीगी जमात के हैं।मेरठ और गोरखपुर में ड्रोन से निगरानी की जा रही है।
पढ़ें पल-पल की अपडेट
विज्ञापन
विज्ञापन

लाइव अपडेट

12:02 AM, 11-Apr-2020

कन्नौज में पहला केस, युवक में मिले कोरोना के लक्षण

अब तक कोरोना वायरस से सुरक्षित कन्नौज जनपद में भी पहला केस मिला है। 27 वर्षीय युवक में वायरस के लक्षण मिले हैं।रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर जिला प्रशासन तत्काल हरकत में आ गया है। युवक को जिलाधिकारी के निर्देश पर तत्काल सघन सुरक्षा व्यवस्था में कानपुर भेजा जा रहा है।  

10:44 PM, 10-Apr-2020

प्रदेश में कोरोना पॉजिटिव 14 नए केस, 433 पहुंची संख्या

प्रदेश में नोवेल कोरोना वायरस के शुक्रवार को 14 नए मामले सामने आए हैं। इनमें से 12 तब्लीगी जमात के हैं। नए मामले मिलाकर अब प्रदेश में कोविड-19 पॉजिटिव केस बढ़कर 433 हो गए हैं। इनमें से 245 तब्लीगी जमात के हैं। इसके अलावा एक केजीएमयू लखनऊ में भर्ती लखीमपुर खीरी का एक मरीज पूरी तरह से स्वस्थ होने के कारण डिस्चार्ज कर दिया गया। अब तक कुल 32 लोगों को डिस्चार्ज किया जा चुका है।

 संक्रामक रोग निदेशालय के संयुक्त निदेशक डॉ. विकासेंदु अग्रवाल के अनुसार नए मामलों में आगरा में 05, अमरोहा में 05, गाजियाबाद, बस्ती, रामपुर और औरैया में एक-एक केस हैं। इनमें आगरा और अमरोहा के पांच-पांच, औरैया और रामपुर का एक-एक मरीज तब्लीगी जमात का है।  

10:08 PM, 10-Apr-2020

दारुल उलूम में 2367 छात्रों की हुई थर्मल स्क्रीनिंग, सभी मिले स्वस्थ

सहारनपुर में इस्लामिक शिक्षण संस्था दारुल उलूम और दारुल उलूम वक्फ में शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 2367 छात्रों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। यह वो छात्र हैं जो लॉकडाउन के चलते अपने घरों को नहीं जा सके। सीएमओ ने बताया कि थर्मल स्क्रीनिंग में सभी छात्र स्वस्थ मिले। 

विज्ञापन
10:05 PM, 10-Apr-2020

पांच जोन में बांटा गया अलीगढ़, लॉकडाउन का होगा सख्ती से पालन 

अलीगढ़ पुलिस ने लॉकडाउन का कड़ाई से पालन करने ओर कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए महानगर को पांच जोन मं बांट दिया है। प्रत्येक जोन का निर्धारण करने के लिए बेरियर लगाए जा रहे हैं। कोई भी सामान्य नागरिक अपने जोन से दूसरे जोन में नहीं जा सकेगा। केवल विषम परिस्थितियों में अनुमति के बाद ही दूसरे जोन में जाने की इजाजत मिलेगी।

09:24 PM, 10-Apr-2020

हरकतों से बाज नहीं आ रहे लोग, क्वारंटीन सेंटर में उड़ी शराब व मुर्गे की दावत

लाख कोशिशों के बाद भी लोग बाज नहीं आ रहे हैं। मिल्कीपुर तहसील के पूर्व माध्यमिक विद्यालय में बनाए गए एक क्वारंटीन सेंटर में रह रहे 15 लोगों ने बुधवार रात मुर्गे व शराब की दावत उड़ाई। मामले का वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया। मिल्कीपुर एसडीएम अशोक कुमार शर्मा ने कहा कि क्वारंटीन सेंटर में शराब और मुर्गे की दावत देना गंभीर मामला है। मामले की जांच पूरी हो गई है। दोषी लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

विज्ञापन
09:17 PM, 10-Apr-2020

बागपत: नर्स की अचानक बिगड़ी तबीयत, अस्पताल ले जाते वक्त तोड़ा दम

बागपत जनपद के जिला अस्पताल में तैनात स्टाफ नर्स की शुक्रवार की सुबह तबीयत बिगड़ गई। अस्पताल ले जाते वक्त उनकी मौत हो गई। एक दिन पहले तक नर्स इमरजेंसी ड्यूटी पर थी। पुलिस ने मौत का कारण जानने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। उधर, नर्स की मौत से स्वास्थ्य विभाग और परिजनों में गम का माहौल है। 

08:57 PM, 10-Apr-2020

यूपी में लॉकडाउन तोड़ने पर 13,208 के खिलाफ एफआईआर, 33,306 गिरफ्तारियां

लॉकडाउन को लेकर नियमों का सख्ती से पालन कराए जाने के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के तहत पुलिस ने प्रदेश में कानून का उल्लंघन करने वाले 13,208 लोगों के खिलाफ धारा 188 के तहत एफआईआर दर्ज की है। इसके साथ ही जमाखोरों व कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई है।

06:59 PM, 10-Apr-2020

अखिलेश यादव बोले, ‘भूख‘ का आइसोलेशन नहीं हो सकता

समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कोरोना के राजनीतिकरण को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। उन्होंने कहा कि इससे मूल मुद्दों से ध्यान हटता है। सरकार से पूछे जाने वाले सही क्वारंटीन, स्क्रीनिंग, संक्रमण की जांच, इलाज तथा दूध-दवाई, सब्जी, अनाज की आपूर्ति जैसे प्रश्न पीछे छूट जाते हैं। उन्होंने सरकार को याद दिलाया कि ‘भूख‘ का आइसोलेशन नहीं हो सकता है।

06:26 PM, 10-Apr-2020

कोरोना: मेरठ में 700 सैंपल पेंडिंग, लखनऊ समेत अन्य शहरों में भेजने की तैयारी

उत्तर प्रदेश के मेरठ जनपद में कोरोना के मामलों में 700 सैंपल पेंडिंग हो गए हैं। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आरसी गुप्ता का कहना है कि फिलहाल 250 सैंपल लखनऊ, आगरा और सैफई की लैब में भेजने के लिए कहा गया है। इसके बाद भी यहां 450 सैंपल बचेंगे। जिनकी जांच दो दिन में हो पाएगी। उन्होंने बताया कि मेरठ के सभी सैंपलों की जांच यहीं पर होगी। सिर्फ अन्य आसपास के जिलों के सैंपल भेजे जाएंगे।

06:04 PM, 10-Apr-2020

मथुराः लॉकडाउन में पुलिस टीम पर हमला, पथराव, लाठी-डंडे भी चलाए, दस गिरफ्तार

मथुरा जनपद में गोवर्धन परिक्रमा मार्ग आन्यौर के नगला भीमनगर में शुक्रवार को लॉकडाउन में खुली दुकानों को बंद कराने गई पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला बोल दिया। पुलिस ने 36 लोगों के खिलाफ नामजद एवं 25 से अधिक अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। 10 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। 

05:48 PM, 10-Apr-2020

लॉकडाउनः अब घर बैठे पाएं बिजली का बिल और करें भुगतान

राजधानी लखनऊ में लॉकडाउन के दौरान लोगों को बिजली का बिल जमा करने के लिए ऑनलाइन केंद्रों पर ना जाना पड़े इसके लिए ई-सुविधा ने नई सुविधा को शुभारंभ किया है। 

इसके तहत उपभोक्ता ई-सुविधा के लिंक पर क्लिक करके अपने वर्तमान बिल की रकम की जानकारी हासिल करके उसी लिंक के जरिए भुगतान भी कर सकते हैं। बिल भुगतान की रसीद उपभोक्ता लॉकडाउन खुलने के बाद किसी भी बिलिंग केंद्र से हासिल कर सकते हैं।

यह जानकारी ई-सुविधा की कोऑर्डिनेटर श्वेता एवं राहुल पुरवार ने संयुक्त रूप से दी। ये लिंक है mobile.esuvidhamitra.com

04:57 PM, 10-Apr-2020

लॉकडाउन में माहौल खराब करने की साजिश, बरेली की महिला दरोगा को हमले में शहीद दिखाकर डाली पोस्ट

लॉकडाउन में फैलने वाली भ्रामक खबरें लोगों के लिए तो मुसीबत बन ही रही हैं, पुलिस को भी परेशान कर रही हैं। पुराने वीडियो को लोग वायरल कर माहौल खराब करना चाहते हैं वहीं कुछ लोग वीडियो एडिटिंग कर सोशल साइट्स पर डाल रहे हैं। 

ऐसे ही एक मामले में गाजियाबाद के विद्यार्थी परिषद नेता ने ट्वीट कर बरेली में महिला इंस्पेक्टर वंदना तिवारी की हत्या होने की खबर वायरल कर दी।आरोप लगाया कि समुदाय विशेष के लोगों ने यह किया है। बरेली पुलिस ने इसका खण्डन किया और बताया की यह घटना मध्यप्रदेश से सम्बन्धित है। बरेली से इसका कोई लेनादेना नहीं है इसके बाद नेता को माफी मांगनी पड़ी।

04:53 PM, 10-Apr-2020

लखनऊः खाने के पैकेट में नॉनवेज निकलने से भड़के लोग

लखनऊ में तालकटोरा के मुनेश्वरपुरम के चंदनविहार में गुरुवार को इलाकाई लोगों को बंटवाए गए खाने के पैकेट में नॉनवेज निकलने से हड़कंप मच गया। लोगों ने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस ने खाने के पैकेट बंटवाने वाले युवक और दो महिलाओं समेत चार लोगों को पकड़ा है। इंस्पेक्टर धनंजय सिंह का कहना है कि पैकेट कहां से आए? इसकी छानबीन की जा रही है।

04:39 PM, 10-Apr-2020

आगरा से 10 कोरोना मरीज वृंदावन शिफ्ट किए जाने का लोग कर रहे विरोध

आगरा से 10 कोरोना मरीजों को वृंदावन के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में शिफ्ट किए जाने का विरोध शुरू हो गया है। इसे लेकर तीर्थनगरी के लोगों और संतों में आक्रोश है। उन्होंने कोरोना संक्रमितों को यहां भर्ती किए जाने का विरोध किया है। संतों ने शुक्रवार को जिलाधिकारी से भी बात की है। 

03:47 PM, 10-Apr-2020

झांसीः महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में कोरोना के दो संदिग्ध हुए भर्ती 

महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में कोरोना के दो संदिग्ध भर्ती हुए हैं। सैंपल लेकर जांच कराई जा रही है। मेडिकल कॉलेज में शुक्रवार की सुबह कोरोना के दो संदिग्ध भर्ती किए गए। इनको खांसी, जुकाम और बुखार है। दोनों का सैंपल लेकर कोरोना की जांच कराई जा रही है। वहीं, मेडिकल कॉलेज में बृहस्पतिवार को भर्ती हुए एक युवक की रिपोर्ट नेगेटिव आ गई है।

03:41 PM, 10-Apr-2020

चित्रकूट: अवैध शराब बिक्री की सूचना पर पहुंची पुलिस पर पथराव

चित्रकूट जिले के पहाड़ी थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत गढ़ीघाट के मजरा रइयापुरवा में अवैध शराब बिक्री की सूचना पर छापा डालने पहुंची पुलिस पर उपद्रवियों ने जमकर पथराव कर खदेड़ दिया। पथराव में थाना प्रभारी और दो सिपाही घायल हो गए।

03:10 PM, 10-Apr-2020

एंटी कोविड-19 वैक्सीन बनाने में जुटा आईआईटी कानपुर

कोरोना वायरस को रोकने के लिए आईआईटी कानपुर भी एंटी कोविड-19 वैक्सीन बनाने में जुटा है। यहां के 35 वैज्ञानिक अलग अलग शोधकर वैक्सीन बनाने पर काम कर रहे हैं। भारत सरकार के प्रमुख वैज्ञानिक सलाहकार ने इनकी सराहना की है और उम्मीद जताई है कि जल्द ही इनके प्रयास रंग लाएंगे।

02:53 PM, 10-Apr-2020

बेवजह घूमने वालों को पुलिस ने सिखाया सबक

गोरखपुर में लॉकडाउन के दौरान पुलिस की सख्ती के बावजूद भी लोग घरों से काम का बहाना लेकर सड़क पर घूमने निकल रहे हैं। ऐसे लोगों को पुलिस ने सबक भी सिखाया है। पुलिस ने बेवजह घूमने वालों को सड़क के किनारे बैठा दिया। वहीं, शहर में सोशल डिस्टेंस का उल्लंघन भी किया जा रहा है। बैंकों में पैसा निकालने के लिए लोगों की लंबी लाइन लग रही है। शहर में ड्रोन से भी निगरानी की जा रही है।

02:16 PM, 10-Apr-2020

लोगों को सामान मुहैया करा रहा प्रशासन

वहीं, सहारनपुर जनपद में शहर से लेकर गांव, कस्बों तक कई पॉजिटिव केस सामने आने के बाद से इलाके को हॉटस्पॉट में तब्दील कर दिया गया है। हॉटस्पॉट वाले इलाकों में प्रशासन और पुलिस द्वारा लोगों को जरूरी सामान मुहैया कराया जा रहा है।

 

02:12 PM, 10-Apr-2020

मेरठ में हॉटस्पॉट क्षेत्रों की ड्रॉन से निगरानी 

मेरठ देहात क्षेत्र में सील किए गए हॉटस्पॉट इलाकों की ड्रॉन से निगरानी की जा रही है। इसके अलावा सदर सब्जी मंडी, दालमंडी, नवीन मंडी, खैर नगर समेत कई बाजारों में पुलिस ने सख्ती बरती। लॉकडाउन का पालन कराने के लिए पुलिस फोर्स सुबह ही सड़कों पर उतर गई थी। हॉटस्पॉट इलाके सूर्यनगर में एसडीएम समेत कई आला अधिकारी पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

01:55 PM, 10-Apr-2020

कानपुर में उड़ीं आदेशों की धज्जियां 

उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में पूर्ण लॉकडाउन के बावजूद कई इलाकों में आदेशों की धज्जियां उड़ी। वहीं कई क्षेत्र ऐसे भी हैं जिन्होंने पूर्णतया लॉकडाउन का पालन किया और घरों में ही कैद रहे। आपको बता दें कि कानपुर के सीटीआई चौराहे पर सब्जी मंडी सजी दिखाई दी। वहीं कल्याणपुर आशा देवी मंदिर के पास सब्जी-पूड़ी का ठेला लगा दिखा। कल्याणपुर पुराना शिवली रोड में आधा शटर खोलकर जनरल स्टोर से सामान की बिक्री होती रही। यहां बेरोकटोक दौड़ते वाहन लॉकडाउन का पालन किस प्रकार हो रहा है इस बात को बताने के लिए काफी थे। वहीं रामादेवी, यशोदा नगर, बाईपास रोड पर सन्नाटा दिखा। इसके अलावा वहां रावतपुर क्रॉसिंग पर एक-दो वाहन निकलते नजर आए।

01:34 PM, 10-Apr-2020

झांसी में पुलिस टीम पर पथराव

यूपी में लॉकडाउन के दौरान झांसी क्षेत्र के थाना नवाबाद इलाके में शुक्रवार सुबह पुलिस पर हमले का मामला सामने आया है। पीआरवी 368 को बाजार में भीड़ जुटने की सूचना मिली थी, जिसके बाद टीम ने वहां पहुंचकर भीड़ हटाने का प्रयास किया। इसी दौरान लोग पुलिस टीम से उलझ गए। लोगों ने पत्थर से हमला बोल दिया। टीम ने गाड़ी में छिपकर अफसरों को सूचना दी। खबर मिलते ही सूरक्षाबलों ने पहुंचकर दो भाइयों को हिरासत में ले लिया। जबकि अन्य लोग भाग निकले। पुलिस घटना में शामिल अन्य लोगों की तलाश कर रही है।

12:56 PM, 10-Apr-2020

मुरादाबाद में भर्ती युवती की दूसरी कोरोना रिपोर्ट भी निगेटिव

मुरादाबाद में भर्ती युवती की दूसरी कोरोना रिपोर्ट भी निगेटिव आई है। उसे आज अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। युवती विदेश यात्रा पर फ्रांस गई थी। फ्रांस से लौटने पर उसमें संक्रमण पाया गया था। युवती प्रदेश सरकार के एक कैबिनेट मंत्री की रिश्तेदार है। छुट्टी के बाद भी उसे 14 दिन घर पर एकांतवास में रहने की सलाह दी गई है। स्वास्थ्य विभाग लगातार उनकी निगरानी करता रहेगा।

12:34 PM, 10-Apr-2020

उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में पुलिस ने अघोषित कर्फ्यू का एलान किया है। वहीं धौरहरा कोतवाली पुलिस ने गुरूवार आधी रात से इस पर पूरी तरह से अमल में लाना शुरू कर दिया है। पुलिस ने लोगों को घरों में रहने की हिदायत दी है। वहीं आवश्यक सामग्री के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है।

12:09 PM, 10-Apr-2020

प्रियंका गांधी ने सीएम योगी को लिखा पत्र

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखा है, इस पत्र में प्रियंका गांधी ने कोरोना वायरस महामारी के परीक्षण और इलाज के लिए सुविधाओं को बढ़ाने और राज्य में महामारी के प्रकोप को नियंत्रित करने के तरीके सुझाए हैं।
 

12:00 PM, 10-Apr-2020

आगरा से 10 मरीजों को वृंदावन सीएचसी शिफ्ट किया

आगरा में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़ने से इनके आइसोलेशन में भी परेशानी आने लगी है। बृहस्पतिवार को आगरा से 10 मरीजों को वृंदावन सीएचसी शिफ्ट किया गया। इन्हें रात 10 बजे एंबुलेंस से ले जाया गया। ये सभी उन 19 मरीजों में शामिल हैं, जिनकी सैंपल रिपोर्ट बृहस्पतिवार की सुबह आई थी। इनमें से सात एक ही अस्पताल के स्टाफ से हैं।

11:28 AM, 10-Apr-2020

मेरठ में लगातार बढ़ रही कोरोना संक्रमितों की संख्या

उत्तर प्रदेश के मेरठ जनपद में कोरोना संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ रही है। बृहस्पतिवार को तीन मवाना, दो परीक्षितगढ़ और एक हुमायूं नगर का सैंपल पॉजिटिव मिला है। इसमें तीन जमाती और तीन उनके संपर्क में आने वाले हैं। मेरठ में छह नए केस मिलने से कोरोना संक्रमितों की संख्या 43 पहुंच गई है। 

11:18 AM, 10-Apr-2020

बस्ती में एक और कोरोना पॉजिटिव मिला

उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में एक और कोरोना पॉजिटिव मिला है। बृहस्पतिवार को बीआरडी मेडिकल कॉलेज में जांच के लिए 24 नमूने आए थे। इनमें से 23 की रिपोर्ट निगेटिव मिली, जबकि एक की रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई है। जो शख्स कोरोना पॉजिटिव मिला है, वह बस्ती में कोरोना संक्रमित मृतक युवक का चाचा है।

10:53 AM, 10-Apr-2020

आगरा में 5 और जमाती संक्रमित मिले, कुल संख्या 91 

उत्तर प्रदेश के आगरा में कोरोना वायरस के मरीज मिलने का सिलसिला थम नहीं रहा है। शुक्रवार की सुबह पांच नए मामले सामने आए हैं। ये सभी जमाती हैं। जिलाधिकारी प्रभु एन सिंह ने बताया कि जिले में अब तक 89 संक्रमित मिल चुके हैं। इनमें 80 मामले सक्रिय हैं। आठ लोग ठीक हो गए हैं, जबकि एक संक्रमित महिला की मौत हो चुकी है।

10:46 AM, 10-Apr-2020

हॉटस्पॉट्स की ड्रोन से निगरानी, प्रदेश में 14 नए कोरोना पॉजिटिव, 433 पहुंची संख्या

प्रदेश में कोरोना वायरस के गुरुवार को 36 नए केस सामने आए हैं। बृहस्पतिवार को सामने आए मामलों में 14 तब्लीगी जमात से जुड़े हैं। सबसे ज्यादा 19 केस आगरा में मिले। इनमें 5 जमाती हैं। मेरठ में 6 केस मिले। सभी जमाती या उनके संपर्क वाले हैं। वहीं हापुड़ में 3, गाजियाबाद और औरेया में 2-2, गौतमबुद्ध नगर, कानपुर नगर, हरदोई, मुजफ्फरनगर में 1-1 केस मिले हैं। कानपुर, हरदोई, मुजफ्फर नगर के पॉजिटिव जमाती हैं। संक्रामक रोग निदेशालय के संयुक्त निदेशक डॉ. विकासेंदु अग्रवाल के अनुसार यूपी में अब संक्रमितों की संख्या 421 हो गई। इनमें तब्लीगी जमात के 233 पॉजिटिव हैं।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें