वाराणसी से आध्यात्मिक यात्रा की शुरुआत
'स्पिरिचुअल ट्रायंगल टूर पैकेज के तहत यात्रा की शुरुआत वाराणसी से होगी। श्रद्धालुओं को काशी के संकट मोचन मंदिर, दुर्गाकुंड मंदिर और अस्सी घाट का भ्रमण कराया जाएगा। तत्पश्चात, गंगा में नौका विहार और विश्व प्रसिद्ध गंगा आरती के दर्शन होंगे। यात्रा के दूसरे दिन, काशी विश्वनाथ मंदिर में वीआईपी दर्शन, अन्नपूर्णा मंदिर और काल भैरव मंदिर के दर्शन होंगे। इसके बाद पर्यटक सारनाथ पहुंचेंगे, जहां धमेख स्तूप, चौखंडी स्तूप, बोधि वृक्ष और अशोक स्तंभ संग्रहालय का भ्रमण कराया जाएगा। यात्रा में बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) भ्रमण भी शामिल है।
संगम स्नान के बाद अयोध्या रवाना होंगे श्रद्धालु
तीसरे दिन यात्री प्रयागराज पहुंचेंगे। यहां आनंद भवन, संगम और लेटे हनुमान जी मंदिर का भ्रमण कराया जाएगा। श्रद्धालुओं को संगम में पवित्र स्नान का अवसर भी मिलेगा। चौथे दिन यात्रा अयोध्या पहुंचेगी। यहां हनुमानगढ़ी, कनक भवन और दशरथ महल के दर्शन के साथ राम मंदिर में वीआईपी दर्शन कराया जाएगा। इसके बाद सरयू घाट पर आरती में शामिल होने का भी अवसर मिलेगा। पांचवें दिन नाश्ते के बाद यात्रियों को अयोध्या एयरपोर्ट अथवा रेलवे स्टेशन तक पहुंचाया जाएगा।
कितना होगा टूर पैकेज शुल्क?
यूपीएसटीडीसी के अनुसार, टूर पैकेज में सेडान कार से यात्रा करने वाले न्यूनतम चार यात्रियों के लिए प्रति व्यक्ति 14,400 रुपए शुल्क निर्धारित किया गया है। वहीं, क्रिस्टा से यात्रा के लिए न्यूनतम छह यात्रियों का समूह होना जरूरी है। इसके लिए प्रति व्यक्ति 13,000 रुपए शुल्क तय किया गया है। टूर पैकेज में एसी वाहन से यात्रा, नौका विहार, गाइड की सुविधा, चार रात का एसी आवास और डबल शेयरिंग के आधार पर ठहरने के साथ नाश्ता शामिल है। दोपहर और रात का भोजन यात्रियों को स्वयं वहन करना होगा।
स्पिरिचुअल ट्रायंगल टूर से तीर्थ पर्यटन को मिलेगी गति
यूपीएसटीडीसी के अध्यक्ष अमृत अभिजात ने बताया कि विजिट माई स्टेट अभियान के तहत प्रदेश के चर्चित और अल्पज्ञात पर्यटन स्थलों को देश-दुनिया के पर्यटकों के सामने लाने के साथ उन्हें एक बेहतर यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।
स्पिरिचुअल ट्रायंगल (वाराणसी-अयोध्या-काशी) उत्तर प्रदेश के प्रमुख धार्मिक गंतव्यों को जोड़ता है। यह पर्यटकों को एक बेहतर यात्रा का अवसर प्रदान करता है।इस पैकेज के माध्यम से पर्यटक प्रदेश के प्रमुख तीर्थ स्थलों का एक ही यात्रा में आसानी से भ्रमण कर सकेंगे। इससे श्रद्धालुओं को सुविधाजनक यात्रा अनुभव मिलने के साथ प्रदेश में तीर्थ पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
बुकिंग के लिए यहां संपर्क करें
'स्पिरिचुअल ट्रायंगल' टूर पैकेज की बुकिंग सहित अन्य जानकारी के लिए इच्छुक यूपीएसटीडीसी के मोबाइल नंबर 9149099890 और 7985816467 पर संपर्क कर सकते हैं।