दरभंगा-अमृतसर एक्सप्रेस में एक वर्दीधारी जवान के महिला यात्री को बेरहमी से पीटने का वीडियो शनिवार को वायरल हुआ। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर रेलवे से मामले को शिकायत की गई है। पिटाई के कारण महिला यात्री का सिर फट गया और माथे से खून बहने लगा।
विज्ञापन
मामले की गंभीरता को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल के डीआरएम गौरव अग्रवाल ने लखनऊ जंक्शन रेलवे स्टेशन आरपीएफ को जांच के निर्देश दिए हैं। सोशल मीडिया पर अदिति ने रेलवे को टैग करते हुए वीडियो साझा किया है। हालांकि घटना के समय और जगह का स्पष्ट उल्लेख नहीं है। वीडियो में एक वर्दीधारी महिला यात्री को पीट रहा है,जिससे महिला नीचे गिर जाती है, लेकिन जवान उसे फिर भी पीटता रहता है।
बोगी में मौजूद अन्य महिलाओं ने बीच-बचाव कर पीड़ित महिला को छुड़ाया। इतना ही नहीं घायल महिला के माथे से खून बहता दिखने पर आक्रोशित महिलाओं ने आरोपी वर्दीधारी को पकड़ लिया। इस पर उसने अन्य महिलाओं से भी हाथापाई की, जिसके जवाब में महिलाओं ने भी उसकी पिटाई कर दी। इस बीच उसका साथी आया और वर्दीधारी वहां से भाग गया। आरोपी की वर्दी पर हवलदार का बैच दिख रहा है, लेकिन यह अभी स्पष्ट नहीं है कि वह आरपीएफ, जीआरपी या सिविल पुलिस का जवान है। इस पूरे घटनाक्रम के दौरान कोच में मौजूद पुरुष यात्रियों की चुप्पी भी सवालों के घेरे में है। अमर उजाला इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता।