कांग्रेस ने सपा को 57 जिलों की 181 सीटों की एक गोपनीय सूची सौंपी है, जो सोमवार को सोशल मीडिया पर लीक हो गई। इस सूची में कांग्रेस ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पूर्वांचल और बुंदेलखंड सहित विभिन्न क्षेत्रों की सीटें मांगी हैं। सूत्रों के मुताबिक, सपा ने भी कांग्रेस को जवाब देते हुए उत्तराखंड में 30 सीटों पर दावा ठोंका है। सपा की उत्तराखंड के लिए प्रस्तावित सूची में सामान्य वर्ग के लिए 25, अनुसूचित जाति (SC) के लिए 4 और अनुसूचित जनजाति (ST) के लिए एक सीट शामिल है।
सोमवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर हुई एक बैठक के बाद राहुल गांधी ने कहा कि सीटों का बंटवारा सम्मानजनक तरीके से होना चाहिए। वहीं, सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि यूपी विधानसभा चुनाव के लिए सीट बंटवारे पर अभी कोई औपचारिक बातचीत नहीं हुई है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि INDIA गठबंधन मिलकर चुनाव लड़ेगा और सभी दलों का सम्मान करते हुए सीटों का तालमेल बैठाया जाएगा, जिसमें सबसे अच्छे उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतारे जाएंगे।