सतर्कता अधिष्ठान ने शुक्रवार को परिवहन विभाग के एक अधिकारी को आय से अधिक संपत्ति के मामले में गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए अधिकारी का नाम रमेश कुमार है जो सेवा प्रबंधक के पद पर लखनऊ में कार्यरत थे।
सतर्कता अधिष्ठान के निदेशक पीवी रामाशास्त्री ने बताया कि रमेश कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति की शिकायत 13 अगस्त 2013 को की गई थी। आरोप था कि चित्रकूट धाम में तैनाती के दौरान उन्होंने अवैध तरीके से संपत्ति अर्जित की। इस मामले में शासन ने सतर्कता अधिष्ठान को जांच के आदेश दिए थे।
सतर्कता अधिष्ठान की खुली जांच में पता चला था कि रमेश कुमार ने 2 सितंबर 2009 से 31 मार्च 2013 तक की अवधि में चित्रकूट धाम, बांदा में तैनाती के दौरान 23 लाख 9 हजार 587 रुपये की संपत्ति अर्जित की जबकि इस दौरान उनकी कुल आय 16 लाख 91 हजार 169 रुपये ही थी। यानी जांच में आय से 36 प्रतिशत अधिक संपत्ति का पता चला था।
इसके बाद बांदा कोतवाली में रमेश कुमार के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा के तहत एफआईआर दर्ज कर सतर्कता अधिष्ठान के झांसी सेक्टर के विवेचक वेद प्रकाश शुक्ला द्वारा मुकदमा दर्ज कराकर विवेचना शुरू की गई थी।