दोगुने से अधिक हो गए एक्सप्रेसवे पर वाहन
एनएचएआई से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार बीती 14 से 30 जुलाई के बीच एक्सप्रेसवे से कुल 133040 वाहन गुजरे। इसमें हेवी मशीनरी वाहन 8080, बस व ट्रक 7267, लाइट मोटर व्हीकल 2101, चार पहिया 115589 वाहन टोल से गुजरे। अधिकारियों के मुताबिक, प्रतिदिन करीब 8869 वाहन गुजर रहे थे। जिनकी संख्या पांच अगस्त तक प्रतिदिन बढ़कर करीब 10 हजार पहुंच गई थी। लेकिन बृहस्पतिवार को टोलफ्री होते ही वाहनों की संख्या दोगुने से अधिक हो गई। यह 20 से 22 हजार पहुंच गई।
सपा अध्यक्ष ने शेयर की पंखों से एक्सप्रेसवे सुखाने की तस्वीर
कानपुर एक्सप्रेसवे पर मरम्मत कार्य चल रहा है। सड़क को पंखों से सुखाया जा रहा है। इसकी तस्वीर बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने तस्वीर को साझा कर सरकार पर तंज भी कसा। उन्होंने लिखा कि ये है भाजपाई तरक्की की नई हवा...कुछ दिनों पहले ही जिसका उद्घाटन हुआ हो, उस सड़क को मरम्मत की जरूरत पड़ गई। मरम्मत को सुखाने के लिए पंखों का इस्तेमाल किया जा रहा है। यह हास्यास्पद है।
उन्होंने सवाल भी उठाया कि जिस एक्सप्रेसवे का दम उखड़ने लगा है, उस पर चलने का जोखिम काैन उठाएगा? उन्होंने सवाल किया कि अटल प्रोगेसवे योजना में ही रहेगा या कभी बनेगी भी... या कागजों में बनकर उसका हिस्सा बांट हो चुका है।
पंखों से एक्सप्रेसवे सुखाने को लेकर एनएचएआई अधिकारियों ने नाम न छापने पर बताया कि तारकोल को सुखाने के लिए कई बार पंखों का इस्तेमाल करना पड़ता है। साथ ही मजदूरों की सुविधा के लिए भी पंखे लगाए गए। हालांकि सपा अध्यक्ष के ट्विट के बाद एनएचएआई की भरपूर किरकिरी हुई।