विनीत चतुर्वेदी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के 75 जिलों में संस्कृत प्रतिभा खोज-2026 का आयोजन होगा। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू हो गए हैं, जिसकी अंतिम तिथि 15 अगस्त है। कक्षा छह से स्नातकोत्तर तक के सभी विषयों के छात्र-छात्राएं निशुल्क आवेदन कर सकेंगे।
प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार, प्रमाणपत्र और छात्रवृत्ति भी दी जाएगी। उत्तर प्रदेश संस्कृत संस्थान के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी जगदानंद झा ने यह जानकारी दी। उन्होंने दावा किया कि यह संस्कृत के क्षेत्र में देश की सबसे बड़ी प्रतिभा खोज परीक्षा है। पिछले तीन सत्रों में 25 हजार से अधिक छात्र-छात्राएं इसमें भाग ले चुके हैं। यह प्रतियोगिता जिला, मंडल और राज्य स्तर पर आयोजित होगी। राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं दो चरणों में होंगी। मंडल और राज्य स्तर पर पहुंचने से पहले ऑनलाइन अर्हता परीक्षा देनी होगी। इसमें सफल होने वाले छात्र ही अगले चरण में हिस्सा ले सकेंगे। यह प्रतिभा खोज परीक्षा 24 अगस्त से शुरू होकर 24 नवंबर तक चलेगी। इच्छुक अभ्यर्थी upsanskritpratibhakhoj.com पर परीक्षा और आवेदन से संबंधित जानकारी ले सकते हैं।
प्रतियोगिता के चरण और विषय
मंडल और राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं से पहले ऑनलाइन अर्हता परीक्षा होगी। इसमें सफल प्रतिभागी ही अगले चरण में पहुंचेंगे। प्रतियोगिता में संस्कृत गीत, सामान्य ज्ञान और श्लोकान्त्याक्षरी शामिल हैं। कंठस्थ पाठ, संस्कृत भाषण और श्रुतलेखन भी इसके मुख्य विषय हैं।
पुरस्कार और प्रोत्साहन
जिला, मंडल और राज्य स्तर पर विजेताओं को पुरस्कार राशि और प्रमाणपत्र दिए जाएंगे। जनपद स्तर पर एक हजार रुपये तक, मंडल स्तर पर तीन हजार रुपये तक और राज्य स्तर पर 11 हजार रुपये तक के पुरस्कार का प्रावधान है। मंडल व राज्य स्तर के प्रतिभागियों को यात्रा व्यय मिलेगा। राज्य स्तर पर आवास और भोजन की व्यवस्था भी होगी। श्लोकान्त्याक्षरी और कंठस्थ पाठ प्रतियोगिता में चयनित 100 प्रतिभागियों को पांच-पांच हजार रुपये की संस्कृत अध्ययन प्रोत्साहन छात्रवृत्ति दी जाएगी।