30 अक्तूबर को वाराणसी के कुरौना स्थित बिना लाइसेंस संचालित एसपी मेडिकल स्टोर पर छापे में मैनकाइंड कंपनी के नाम से बेची जा रही न्यूरोकाइंड-एलसी टैबलेट नकली मिली थी। संचालक सुनील कुमार पटेल ने बताया था कि उसने ये दवाएं लहरतारा स्थित सुपर ड्रग एजेंसी के सेल्समैन अशोक वर्मा से बिना बिल खरीदी थीं। निर्माता कंपनी ने भी दवाओं को नकली घोषित किया था। दो नवंबर को अशोक और डिलीवरी ब्वॉय प्रियांशु तिवारी से पूछताछ के बाद रोहनिया के परमानंदपुर में सुरेंद्र नाथ मिश्रा के घर से 17 प्रकार की दवाएं बरामद हुई थीं। इनमें गुडसेफ प्लस और न्यूरोकाइंड-एलसी के लेबल में गड़बड़ी मिली थी।
चाक के बुरादे व लैक्टोज से बनाते थे नकली दवाएं: अंतरराज्यीय गिरोह चाक के बुरादे, लैक्टोज समेत अन्य सामग्री से नकली टैबलेट तैयार करता था। चाक का बुरादा मिलाकर गोलियों को ठोस आकार दिया जाता था। इसके बाद ब्लिस्टर पैकिंग, एल्युमिनियम पैकिंग और कैप्सूल भरने वाली मशीनों के जरिये नामी कंपनियों के ब्रांडेड रैपर में नकली दवाएं पैक कर बाजार में भेजी जाती थीं। छापे में ब्लिस्टर पैकिंग से कैप्सूल भरने की मशीनें मिली हैं। एंटीबायोटिक, न्यूरो मेडिसिन और गैस की महंगी दवाएं गिरोह के निशाने पर थीं। दवाएं सस्ती रखी जाती थीं ताकि ज्यादा बिक्री हो सके।
यह सच गिरफ्तार आरोपी अभिषेक सिंह उर्फ रवि ने एसटीएफ को बताया है। एसटीएफ के मुताबिक यूपी, बिहार और हिमाचल प्रदेश के इस फर्जीवाड़े की चेन तोड़ने की कोशिश की जा रही है। 10 दिनों तक गहनता जांच की जाएगी। दूसरी जांच एजेंसियां भी काम कर रही हैं। नकली दवाओं के कारोवार की जांच की आंच हिमाचल प्रदेश के बद्दी स्थित वीडी फार्मा तक पहुंच गई है। बिना ड्रग लाइसेंस के वीडी फार्मा में दवाओं का निर्माण किया जा रहा था।
यूपी एसटीएफ व एफएसडीए के छापे से पता चला कि टैबलेट, कैप्सूल और सिरप बनाने की मशीनें ही लगाई गई हैं। बड़ी मात्रा में कच्चा माल, अर्धनिर्मित और तैयार दवाएं भी मिली हैं। नकली दवाओं के निर्माण और बिक्री में हिमाचल व यूपी के कई बड़े लोग भी शामिल हैं। उनकी भूमिका की जांच की जा रही रही है। जांच के दौरान वीडी फार्मा के अलावा भी एक अन्य हिमाचल की फार्मा कंपनी का नाम सामने आया।