लखनऊ से प्रयागराज के लिए एक सीधी उड़ान है। कनेक्टिंग उड़ानों का किराया 33 हजार रुपये से ज्यादा पहुंच गया है। मंगलवार दोपहर ढाई बजे अमौसी से रवाना होने वाली सीधी उड़ान 6ई-7935 का टिकट 10742 रुपये में बिक रहा है। एयर इंडिया की कनेक्टिंग फ्लाइट एआई-412 का किराया 20,869 रुपये में है। दिल्ली के रास्ते प्रयागराज जाने वाली कनेक्टिंग उड़ानों का किराया 33,693 रुपये पहुंच गया है।
महाकुंभ जाने वालों की सुविधा के लिए कुंभ मेला स्पेशल तीन ट्रेनें चलाई जाएंगी। ये ट्रेनें 13 फेरों में 28 फरवरी तक चलाई जाएंगी। उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल प्रशासन के सीनियर डीसीएम कुलदीप तिवारी ने बताया कि ट्रेन 04202/01 प्रयागराज संगम-आलमनगर-प्रयागराज संगम मेला स्पेशल, ट्रेन 04206/05 प्रयागराज संगम-अयोध्या कैंट जंक्शन-प्रयागराज संगम कुंभ मेला स्पेशल और 04210/09 प्रयागराज संगम-जौनपुर जंक्शन-प्रयागराज संगम कुंभ मेला स्पेशल ट्रेनें 27 जनवरी से शुरू कर दी गई हैं। ये ट्रेनें 31 जनवरी से पांच फरवरी तक, 10 से 14 फरवरी तथा 24 से 28 फरवरी तक चलेंगी।