उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा को लेकर तैयारियां पूरी हो गई हैं। परीक्षा के लिए प्रश्नपत्र कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संबंधित जिलों के स्ट्रांग रूम में पहुंचा दिए गए हैं। प्रश्नपत्रों के परिवहन और भंडारण की पूरी प्रक्रिया की निगरानी नामित नोडल अधिकारियों की देखरेख में की जा रही है। वहीं, परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए एसटीएफ, साइबर सेल और जिला पुलिस को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
भर्ती परीक्षा 8, 9 और 10 जून 2026 को प्रदेश के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित होगी। परीक्षा में लाखों अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है। इसे देखते हुए परीक्षा केंद्रों, स्ट्रांग रूम और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। पेपर लीक, सॉल्वर गैंग और नकल माफिया पर शिकंजा कसने के लिए एसटीएफ की विशेष टीमें सक्रिय कर दी गई हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, विशेषकर व्हाट्सएप, टेलीग्राम, फेसबुक और अन्य डिजिटल माध्यमों की चौबीसों घंटे निगरानी की जा रही है। किसी भी तरह की अफवाह, फर्जी प्रश्नपत्र या परीक्षा से जुड़ी भ्रामक जानकारी प्रसारित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।