आजमगढ़ के देवगांव थानाक्षेत्र के ग्राम चिरकिहिट में पुलिस को अवैध तरीके से धर्मांतरण कराने की सूचना मिली थी। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो वहां तमाम गाड़ियों से आए लोग मजारनुमा स्थान पर त्रिशूल लगाकर, उस पर फूल, माला आदि डालकर कव्वाली गाते हुए तकरीरें पढ़ रहे थे। वह मुस्लिम धर्म की तारीफ करने के साथ हिंदू धर्म की मान्यताओं को पाखंड व झूठ बता रहे थे। जांच में पता चला कि वहां प्रलोभन देकर हिंदुओं को मुस्लिम बनाया जा रहा था। इसके बाद पुलिस ने सभी 18 आरोपियों को गिरफ्तार तो किया, लेकिन विवेचना के दौरान अवैध धर्मांतरण के मास्टरमाइंड छांगुर तक नहीं पहुंच सकी।
वहीं दूसरी ओर ईडी ने छांगुर के करीबी नवीन रोहरा के सात बैंक खातों का ब्योरा जुटा लिया है। वहीं शेष डेढ़ दर्जन खातों की जानकारी अभी नहीं मिली है। ईडी ने बलरामपुर और आसपास के जिलों में छांगुर और उनके करीबियों के नाम पर खरीदी गई संपत्तियों का ब्योरा उप निबंधक कार्यालयों से मांगा है, जिसकी जानकारी मिलने के बाद जांच रफ्तार पकड़ेगी।