उत्तर प्रदेश में बीते दो दिनों में मानसून सुस्त पड़ा है और कहीं कहीं छिटपुट बारिश को छोड़कर बाकी जगहों पर धूप खिली और कहीं सिर्फ बादलों की आवाजाही रही। मंगलवार को प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में तेज धूप की वजह से पारे में उछाल देखने को मिला। साथ ही गर्मी और उमस ने फिर से सिर उठाना शुरू कर दिया है।
विज्ञापन
मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बने अवदाब के कमजोर पड़ जाने से प्रदेश में अगले तीन दिन तक कहीं भी भारी बारिश की संभावना नहीं है। 25 जुलाई के बाद फिर से प्रदेश के विभिन्न इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के संकेत हैं।
मंगलवार को प्रदेश के दक्षिणी-पश्चिमी हिस्सों और कुछ तराई इलाकों में छिटपुट बूंदाबांदी को छोड़कर कहीं भी भारी बारिश दर्ज नहीं हुई। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि इस समय प्रदेश में कोई भी वेदर सिस्टम सक्रिय नहीं है इससे मानसून कमजोर पड़ा है। अगले तीन दिन यूपी में भारी बारिश के आसार नहीं हैं। 25 जुलाई से बंगाल की खाड़ी में एक और निम्न दाब का क्षेत्र बनने से प्रदेश के मानसून में दोबारा सक्रियता नजर आएगी।