फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपी: जिस पर था भरोसा, उसी ने कराई मुखबिरी, जौनपुर से लखनऊ तक ऐसे रची गई सोना डकैती की साजिश; एक गलती से फंसे

Fri, 27 Nov 2026 10:01 AM IST
Akash Dwivedi अमर उजाला ब्यूरो, लखनऊ

सार

लखनऊ में सराफ से सोने की डकैती की साजिश में उसके करीबी ही शामिल निकले। आरोप है कि जौनपुर के सराफ और कारीगर ने सोने की जानकारी पुलिसकर्मी को दी थी। गिरोह ने बस में सफर के दौरान निगरानी कर वारदात को अंजाम दिया। ढाई सौ कैमरों की फुटेज से पुलिस आरोपियों तक पहुंची।
विज्ञापन
आरोपियों से बरामद हुई रकम। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

सोना डकैती की साजिश में पीड़ित सराफ के करीबी ही शामिल रहे। जौनपुर के एक सराफ और एक कारीगर ने ही पुलिसकर्मी को मुखबिरी की थी। फिर एक के बाद एक पूरे गिरोह के लोग जुड़ गए और साजिश के तहत लखनऊ में डकैती डाली। खुलासा होने के बाद पीड़ित सराफ भी हैरान है कि उस पर जिन लोगों को भरोसा था, वही लोग सूत्रधार निकले।

विज्ञापन


पुलिस के मुताबिक, महेंद्र दास जौनपुर में कई सराफ से मिले थे। इनमें प्रीतम भी शामिल था। वहीं, वह कारीगर तिलक मांझी के घर पर रुके थे। जब महेंद्र वहां पहुंचे थे, उसी वक्त इन दोनों को पता चल गया था कि करीब एक किलो सोना गलाकर वहां से लेकर जाएंगे। इसलिए तभी इन दोनों ने जौनपुर में तैनात सिपाही विनय शंकर (अभी फरार है) को इसकी सूचना दी। 

विनय ने डीआरआई कर्मी अविनाश को साजिश में शामिल किया और जौनपुर बुलाया। इसके बाद सिपाही दुर्गेश व अन्य आरोपियों को शामिल किया। जब महेंद्र बस से रवाना हुए तो उसी बस में अविनाश भी बैठ गया। रास्ते भर वह उनकी निगरानी करता रहा। वहीं, पीछे कार से अन्य आरोपी भी चलते रहे। लखनऊ में अन्य आरोपी मिले। फिर उन्होंने खुर्दही में बस रुकवाकर महेंद्र को जबरन उतारकर अगवा कर लिया। उसके बाद वारदात को अंजाम दिया।

विज्ञापन
Trending Videos

बंटवारे के दौरान पकड़े गए

वारदात के समय एक स्कॉर्पियो भी बस के पीछे चल रही थी। सोने से भरा बैग लेकर गिरोह के कुछ सदस्य इसी वाहन से जौनपुर की ओर चले गए थे। पुलिस के मुताबिक, लूटे गए सोने और आभूषणों को आपस में बांटकर बेचने और उससे मिलने वाली रकम का बंटवारा करने की योजना थी। आरोपी सोने के आभूषणों और टुकड़ों का बंटवारा कर रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

और वारदातों में शामिल तो नहीं

डकैती डालने वाले गिरोह के बारे में पुलिस और गहनता से छानबीन कर रही है। आशंका है कि इन सभी ने पहले भी ऐसी कोई घटना कारित तो नहीं की। क्योंकि इस मामले में उन्हें पता था कि सराफ के पास सोने के बिल आदि नहीं हैं। इसलिए उसको निशाना बनाया, जिससे वह कहीं शिकायत न कर सके।

 



 
विज्ञापन

250 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से खुलासा

डीसीपी साउथ मोहम्मद मुश्ताक ने बताया कि केस दर्ज करने के बाद घटनास्थल के फुटेज देखे गए। उनमें संदिग्ध कैद मिले। फिर उन फुटेज की मदद से उनका रूट ट्रेस किया गया, जिसकी मदद से गाड़ी नंबर और सर्विलांस टीम ने संदिग्ध नंबर भी चिह्नित किए। मोबाइल नंबर व कार नंबर के आधार पर तफ्तीश आगे बढ़ी तो पुलिस आरोपियों तक पहुंच गई। पुलिस को करीब ढाई सौ सीसीटीवी कैमरे खंगालने पड़े।

ये आरोपी पकड़ से दूर

पुलिस के मुताबिक, जौनपुर में तैनात सिपाही विनय शंकर, उसका भाई रविशंकर, सागर सेठ और एक अज्ञात आरोपी पकड़ से दूर हैं। विनय और रविशंकर मूल रूप से बछरावां, रायबरेली के रहने वाले हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें