सीट बंटवारे को लेकर कांग्रेस के उपाध्यक्ष इमरान मसूद ने कहा कि कांग्रेस किसी से भीख नहीं मांग रही है। गठबंधन में सीट मांगने और आपसी सहयोग के बीच फर्क होता है। मुझे नहीं पता कि समाजवादी पार्टी की यह पेशकश कब आई और किसे मिली। सीट मांगने और गठबंधन में सहयोग करने के बीच अंतर होता है। गठबंधन में किसी को कुछ मांगने की जरूरत नहीं पड़ती, बल्कि दोनों दल आपसी सहमति और सहयोग से फैसला करते हैं। गठबंधन के भीतर यह आपसी सहयोग की बात होती है। हम बैठकर इस पर चर्चा करेंगे।
कांग्रेस के यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि कांग्रेस की कोशिश होगी कि दोनों दलों के बीच समझौता हो जाए। उन्होंने कहा कि समझौता सौहार्दपूर्ण और सम्मानजनक होना चाहिए। सीटों का बंटवारा दोनों दलों की सहमति से हो और किसी को भी यह न लगे कि उस पर दबाव बनाया गया है।
इकरा हसन ने कहा कि अब तक दोनों दलों के बीच बातचीत सार्थक और सकारात्मक है। दोनों पार्टियों का नेतृत्व मिलकर अंतिम फैसला लेगा। उन्होंने कहा कि बातचीत अभी शुरू हुई है और इसे पूरा होने में एक-दो दिन लग सकते हैं। दोनों दलों के पास अपने-अपने प्रस्ताव हैं, बातचीत के दौरान एक-दूसरे के सामने रखा जाएगा। उम्मीद है कि अगले एक-दो दिन में सीट बंटवारे को लेकर स्थिति पूरी तरह से साफ हो जाएगी।
सपा सांसद अवधेश प्रसाद।
- फोटो : amar ujala
इस बीच सपा की बातचीत समिति में सपा नेता प्रो. रामगोपाल यादव, श्यामलाल पाल, राजीव राय, इकरा हसन के अलावा अयोध्या से सांसद अवधेश प्रसाद को भी शामिल करने का एलान किया गया है। सपा का कहना है कि दलितों का प्रतिनिधित्व सही तरीके से करने के लिए अयोध्या सांसद का नाम बातचीत समूह में जोड़ा गया है। सपा सांसद राजीव राय ने कहा कि हम सीटों की संख्या को लेकर चर्चा करेंगे। दूसरे दौर की बातचीत के बाद दोनों पक्षों ने कहा है कि बातचीत सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई है। उम्मीद की जा रही है कि आज की बैठक के बाद सीट बंटवारे का फॉर्मूला तय हो सकता है, लेकिन 26 और 130 के बीच का फासला बताता है कि अभी एक-दो दौर की बातचीत और लग सकती है।
सूत्र बताते हैं कि दिल्ली में होने वाली वार्ता में उतनी ही बात होगी, जितनी अखिलेश यादव से सपा की वार्ता समिति ने सहमति ली है। इसलिए सीट बंटवारे पर अंतिम निर्णय सपा अध्यक्ष का ही होगा। सपा अध्यक्ष पहले ही कह चुके हैं कि इंडिया गठबंधन के तहत जिस राज्य में जो दल ज्यादा ताकतवर है, सीट बांटने की जिम्मेदारी उसी पर छोड़ी जानी चाहिए।
बैठक के बाद सपा नेता रामगोपाल व कांग्रेस नेता राजेंद्र पाल गौतम ने दिया बयान।
- फोटो : amar ujala
सपा के प्रमुख महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव ने कहा कि कांग्रेस के पास बूथ पर बस्ता लगाने वाले लोग नहीं हैं और उन्हें अपनी मन की सीटें चाहिए। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि बातचीत तब तक चलती रहेगी जब तक कोई फैसला नहीं हो जाता। कांग्रेस को हारने के लिए सीटें थोड़ी ही दी जा सकती हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास बूथ पर बस्ता लगाने वाले लोग नहीं हैं। यहां बता दें कि प्रो. रामगोपाल ने मंगलवार को आधिकारिक रूप से सबसे पहले मीडिया के सामने स्वीकार किया कि हमने कांग्रेस को 26 सीटों का ऑफर वार्ता बैठक के पहले ही दिन दे दिया है।