एसटीएफ ने शुक्रवार को बोगस फर्में बनाकर 500 करोड़ की कर चोरी करने वाले गिरोह का राजफाश कर आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। लखनऊ के पते पर छह फर्में बनाकर करोड़ों रुपये का हेरफेर किया। आगरा मे 137 करोड़ की कर चोरी के मामले में जीएसटी विभाग ने केस दर्ज कराया था। केस की तफ्तीश में इन आरोपियों से कनेक्शन सामने आया।
एसटीएफ के डीएसपी प्रमेश कुमार शुक्ला ने बताया कि मेरठ के दिलशाद मलिक, मोहम्मद वसीम, मोहम्मद सोहेल, जावेद मलिक, इकरामुद्दीन, दिल्ली(मूलनिवासी देवरिया) के रमेश पटेल, नोएडा के अंकुर तिवारी (मूलनिवासी अंबेडकरनगर) और गाजियाबाद (मूलनिवासी अंबेडकरनगर) के स्वतंत्र कुमार तिवारी को गिरफ्तार किया गया है।
डीएसपी के मुताबिक, आरोपियों ने तमिलनाडु, केरल, तेलंगाना, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, दिल्ली, झारखंड, मध्य प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, बिहारऔर असम में भी फर्जी फर्म बनाकर करोड़ों का हेरफेर किया है। गिरोह में और भी लोग शामिल हैं, उनकी तलाश की जा रही है।