मैच का लुत्फ लेते सीएम योगी।
- फोटो : अमर उजाला।
उत्तर प्रदेश की दो से अधिक क्रिकेट टीमों को राष्ट्रीय स्तर पर खेलने की अनुमति देने मांग ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है। इकाना स्टेडियम में आयोजित यूपी टी-20 लीग का फाइनल देखने पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) से प्रदेश की दो टीमें खिलाए जाने की अपील की। उन्होंने कहा कि 25 करोड़ की आबादी वाले उत्तर प्रदेश को कम से कम दो टीमें दी जाएं, ताकि स्थानीय खिलाड़ियों को अधिक अवसर मिलें और प्रदर्शन भी बेहतर हो।
सीएम योगी ने कहा कि यूपी टी-20 लीग युवाओं के लिए बड़ा मंच उपलब्ध करा रही है। यहां खेलने वाले तमाम खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चमक बिखेर रहे हैं। राज्य सरकार भी प्रदेश में क्रिकेट समेत तमाम खेलों के प्रोत्साहन पर काम कर रही है। वाराणसी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से बन रहा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम इस वर्ष के अंत तक पूरा होगा। अभी तक स्टेडियम का 70 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। अयोध्या और गोरखपुर में भी स्टेडियम निर्माणाधीन हैं, जबकि मेरठ में स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी के साथ अंतरराष्ट्रीय मानकों के स्टेडियम बनाए जा रहे हैं।