यूपी टी 20 लीग में रंगारंग कार्यक्रम।
- फोटो : अमर उजाला
आयुष्मान, बादशाह और कृति सैनन की दमदार प्रस्तुतियों के बीच रविवार को अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में यूपी टी-20 लीग का रविवार को धमाकेदार आगाज हुआ। आयुष्मान खुराना की दमदार डांस परफॉर्मेंस के बाद लाल ड्रेस में उतरे रैपर बादशाह का जलवा देखते ही बना।
तैनूं काला चश्मा जंचता है...गाते हुए बादशाह जैसे ही मैदान पर उतरे, स्टेडियम में बैठे दर्शक झूमने लगे। डीजे वाले बाबू मेरा गाना बजा दे... ने माहौल को रंगीन बना दिया। बीड़ी जलइले जिगर से पिया... पर अभिनेत्री कृति सैनन ने ठुमके लगाए तो पूरा स्टेडियम शोर से गूंज उठा। अपार शक्ति खुराना के संचालन ने भी दर्शकों का दिल जीता।
लीग का उद्धाटन बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने किया। इस मौके पर लीग के ब्रांड एंबेस्डर और पूर्व क्रिकेटर सुरेश रैना, यूपीसीए के अध्यक्ष निधिपति सिंहानिया, यूपी टी-20 लीग के चेयरमैन डीएस चौहान समेत कई हस्तियां मौजूद रहीं। सभी ने मिलकर यूपी टी-20 लीग की ट्रॉफी का अनावरण किया। लीग का हिस्सा बनने वाली सभी छह टीमों के कप्तानों ने भी उपस्थिति दर्ज कराई।
इस मौके पर बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने कहा, यह लीग राज्य ही नहीं भारतीय क्रिकेट के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। यह नई प्रतिभाओं को निखारने में मदद करेगी। यह लीग उत्तर प्रदेश में खेलों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।