हॉस्टल में सात छात्राएं बीमार
नर्सिंग कॉलेज के हॉस्टल में रहने वाली सात छात्र व छात्राएं बीमार हैं। इसमें आकक्षी, आयुषी कुमारी, सत्यम सिंह समेत अन्य छात्र-छात्राएं बीमार हैं। इनका इलाज सरकारी व प्राइवेट अस्पताल में चल रहा है। आरोप हैं कि बीमारी के बावजूद वार्डों में ड्यूटी लगाई जा रही है। छात्र-छात्राओं को तंग किया जा रहा है।
छात्राओं के मुताबिक इनमें कुछ को टाइफाइड और कुछ को डेंगू की शिकायत है। सभी का इलाज चल रहा है। इसके अलावा हॉस्टल की मेस में खाना बनाने वाला कुक भी बीमारी की चपेट में है। छात्राओं का आरोप है कि संक्रमण के बावजूद बीमारी की रोकथाम के लिए पर्याप्त कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। हॉस्टल में वैक्सीनेशन भी नहीं कराया जा रहा है। छात्राओं ने बीमार विद्यार्थियों को समय पर छुट्टी देने और स्वास्थ्य जांच व संक्रमण रोकथाम की व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
गंदे पानी की हो रही आपूर्ति
नर्सिंग हॉस्टल में छात्राओं को पीने के लिए साफ पानी तक नहीं मिल रहा है। छात्राओं का आरोप है कि पानी की टंकी की लंबे समय से सफाई नहीं हुई है। टंकी में गंदगी जमा है। इससे गंदा पानी सप्लाई हो रहा है। छात्राओं के मुताबिक गंदा पानी पीने से कई छात्राएं टाइफाइड समेत पेट संबंधी बीमारियों की चपेट में आ रही हैं। कई छात्र-छात्राओं में त्वचा संबंधी समस्याएं भी सामने आई हैं। छात्राओं ने हॉस्टल की पानी की टंकियों की सफाई, शुद्ध पेयजल और नियमित जांच की व्यवस्था कराने की मांग की है।