उत्तर प्रदेश वक्फ राज्यमंत्री मोहसिन रजा ने मेरठ के एसपी सिटी के उस बयान का समर्थन किया है, जिसमें उन्होंने मुस्लिम समुदाय के लोगों से पाकिस्तान जाने की बात कही थी। मोहसिन रजा ने कहा कि पुलिस अधिकारी ने हिंदुस्तानी होने का फर्ज निभाया। पाकिस्तान-जिंदाबाद के नारे लगाने वालों के साथ सख्ती से पेश आना होगा।
मोहसिन रजा ने कहा कि वह उपद्रवियों के नारों के जवाब में एक हिंदुस्तानी पुलिस अधिकारी के जवाब का स्वागत करते हैं। उन पर अंगुली उठाने वाले तथाकथित सेक्युलर लोग अपना आकलन करें कि कहीं उनके दिलों से भारत देश प्रेम बाहर तो नहीं निकल गया है। पाकिस्तान-जिंदाबाद के नारे लगाने वालों की हिमायत निंदनीय है।
मेरठ के उस पुलिस अधिकारी की भावना का समर्थन किया जाना चाहिए, जिसमें उन्होंने इन लोगों को कड़ी फटकार लगाई। अमर उजाला संवाददाता के यह पूछे जाने पर कि एसपी सिटी के बयान का तो सबूत के तौर पर वीडियो है, क्या पाकिस्तान-जिंदाबाद के नारे लगने का भी कोई सबूत उनके या पुलिस के पास है, मोहसिन ने कहा कि इस तरह के नारे लगाए जाना कोई नई बात नहीं है।
लखनऊ तक में उपद्रवियों ने पाकिस्तान-जिंदाबाद के नारे लगाए हैं। जब पुलिस वालों के पत्थर लगते हैं, तब तो सेक्युलर ताकतें उसकी रिकॉर्डिंग नहीं मांगती। पुलिस अधिकारियों के कथन पर हमें भरोसा करना चाहिए।