असदुद्दीन ओवैसी लगातार समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर निशाना साध रहे हैं। उनका कहना है कि मुसलमानों को केवल वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया गया है। ओवैसी ने ''अब अब्दुल दरी नहीं बिछाएगा'' के नारे के साथ मुसलमानों के स्वतंत्र राजनीतिक नेतृत्व की वकालत की है। ओवैसी ने कहा कि सपा सरकार में हुए काम के लिए आजम को ही निशाना बनाया गया।
जवाब में आजम खां ने कहा कि अगर ओवैसी को उनसे इतनी ही सहानुभूति होती तो उनके घर पर हालचाल पूछने आए होते। साथ ही कहा कि उत्तर प्रदेश की सियासत स्थानीय नेतृत्व से तय होगी, बाहरी हस्तक्षेप से नहीं। एक पॉडकास्ट में आजम खां ने ओवैसी को किसी और के इशारे पर काम करने वाला बताया था। साथ ही कहा कि अल्लाह का ही एक नाम है अब्दुल , इसलिए इस नाम के साथ ऐसा बयान देना उचित नहीं।
यह टकराव अब बयानों और सोशल मीडिया से आगे बढ़कर प्रतीकों की लड़ाई में बदल गया है। आजम खां ने कहा था कि उनके इलाके में हैदराबादी बिरयानी नहीं, बल्कि पुलाव और मटन बिरयानी पसंद की जाती है। इसके जवाब में इटावा में एआईएमआईएम कार्यकर्ताओं ने मुस्लिम इलाकों में हैदराबादी बिरयानी बंटवाकर विरोध दर्ज कराया। वहीं, आजम खां ने ओवैसी पर तंज कसते हुए कहा कि वे अपने मुकदमों में बैरिस्टर साहब के एक वकालतनामे के लिए तरसते रहे।
आजम खान ने असदुद्दीन ओवैसी के छोटे भाई अकबरुद्दीन ओवैसी के बरी होने पर भी टिप्पणी की। उन्होंने अकबरुद्दीन के बयान ''15 मिनट के लिए पुलिस हटा लो'' का जिक्र करते हुए कहा कि ऐसे बयान देने वाले लोग बरी हो जाते हैं, जबकि तनखैय्या करने पर मेरी सदस्यता चली जाती है।