सपा अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा समाज में नफरत फैला रही है। उत्तर प्रदेश में अपराधियों से प्रशासन की सांठगांठ है। प्रदेश की कानून-व्यवस्था, स्वास्थ्य और शिक्षा सब कुछ बर्बाद है। भाजपा सरकार में जातीय उत्पीड़न और भेदभाव चरम पर है। अखिलेश ने प्रदेश मुख्यालय पर विभिन्न जिलों से आए कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि गोमती नदी समेत अन्य नदियों की दुर्दशा के लिए मुख्यमंत्री खुद जिम्मेदार है। इस सरकार ने नदियों की सफाई के लिए कोई काम नहीं किया। समाजवादी सरकार में हमने गोमती नदी पर सबसे सुंदर रिवर फ्रंट बनाया।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार तमाम फर्जी एनकाउंटर कर रही है, लेकिन उसके बाद भी कानून व्यवस्था में सुधार नहीं हो रहा है। अस्पतालों में डॉक्टरों की बड़े पैमाने पर कमी है। समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर इलाज मुफ्त होगा। इस अवसर पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष किरनमय नंदा, राष्ट्रीय सचिव व पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र चौधरी भी मौजूद रहे।
सपा अध्यक्ष की ओर से दरगाह पर चढ़ाई जाएगी चादर
बाराबंकी में सूफी संत हाजी वारिश अली शाह का देवां शरीफ में उर्स चल रहा है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की ओर से उर्स के मौके पर दरगाह पर चादर पेश की जाएगी। अखिलेश यादव से चादर लेकर विधायक अताउर्रहमान समेत कई नेता रवाना हो गए हैं, जो उर्स में शरीक होंगे और हाजी शाह साहब की दरगाह पर चादर पेश करेंगे।