नागपुर के अपार्टमेंट में दी थी दबिश
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी कराए गए थे। लगातार बदलती लोकेशन के कारण उनकी गिरफ्तारी में परेशानी आ रही थी। तलाश में यूपी एसटीएफ को भी लगाया गया। सोमवार रात आरोपियों की लोकेशन नागपुर में मिलने के बाद पुलिस टीमें वहां पहुंचीं और एक अपार्टमेंट में दबिश देकर उन्हें गिरफ्तार किया।
दस दिनों तक पुलिस को चकमा देने का आरोप
पुलिस के अनुसार, श्रद्धा दुबे अपनी बहन और ड्राइवर के साथ करीब 2,200 किलोमीटर का सफर तय कर कई होटलों और लॉज में ठहरी थी। बताया गया कि पुलिस की टीम किसी ठिकाने पर पहुंचती, उससे कुछ घंटे पहले ही तीनों वहां से निकल जाते थे। जांच के दौरान पुलिस को ऐसे कई ठिकानों की जानकारी मिली, जहां आरोपियों के ठहरने के बाद टीमें पहुंचीं।
नेपाल भागने की भी जताई गई थी आशंका
शिवा शर्मा की मौत के बाद श्रद्धा, रश्मि और दानिश के नेपाल भागने की आशंका जताई गई थी। पुलिस की पड़ताल में उनकी गाड़ी के सीतापुर-लखीमपुर मार्ग से बहराइच के रुपईडीहा बॉर्डर तक पहुंचने की जानकारी सामने आई थी। पुलिस के मुताबिक, श्रद्धा नेपाल के बुटवल स्थित एक होटल में भी ठहरी थी। शिवा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में हजरतगंज थाने में श्रद्धा, रश्मि, दानिश, आदिल और अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।