शाइन सिटी घोटाले के मुख्य आरोपी राशिद नसीम को दुबई पुलिस ने ईडी और ईओडब्ल्यू के अनुरोध पर गिरफ्तार कर लिया है। उस पर निवेश के नाम पर 800 से 1000 करोड़ रुपये की ठगी का आरोप है। 2019 में देश छोड़कर फरार हुआ था। उसके खिलाफ 554 एफआईआर दर्ज हैं।
60 हजार करोड़ से भी अधिक की ठगी करने के मामले में शाइन सिटी का एमडी राशिद नसीम आखिरकार गिरफ्तार कर लिया गया है। दुबई पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी की है। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसको भारत लाया जाएगा। यहां जांच एजेंसियां उससे पूछताछ करेंगी। राशिद के प्रत्यर्पण के लिए जांच एजेंसियां व सरकार लंबे समय से प्रयास कर रही थीं। राशिद पर 50 हजार का इनाम घोषित था।
विज्ञापन
शाइन सिटी इन्फ्रा प्रोजेक्ट प्राइवेट लिमिटेड कंपनी ने सस्ते भूखंडों और निवेश की रकम को दोगुना करने का लालच देकर हजारों लोगों से करोड़ों रुपये जमा करवाए थे। निवेशकों को कंपनी ने न तो भूखंड दिए थे और न ही रकम वापस की थी। करीब 60 हजार करोड़ रुपये निवेशकों के कंपनी ने पार कर दिए थे। मामले में एक के बाद प्रदेश भर में कंपनी के खिलाफ 554 केस दर्ज किए गए। मामले की विवेचना आर्थिक अपराध अनुसंधान संगठन (ईओडब्ल्यू) को सौंपी गई थी।
ईडी भी मनी लॉंड्रिंग का केस दर्ज कर तफ्तीश कर रही है। घोटाले को अंजाम देने का मास्टरमाइंड राशिद नसीम उसी दौरान दुबई भाग गया था। तब जांच एजेंसियों ने गृह मंत्रालय से संपर्क किया था। गृह मंत्रालय राशिद के प्रत्यर्पण के लिए लगातार कोशिश कर रहा था। भारत सरकार की कवायद पर दुबई पुलिस ने राशिद को गिरफ्तार कर लिया है।