कानपुर आरटीओ में ब्लैक लिस्टेड ट्रक को नियम विरुद्ध रिलीज करने पर वरिष्ठ सहायक प्रदीप कुमार दीक्षित निलंबित कर दिए गए। वाहन पर 5.50 लाख रुपये के 11 चालान लंबित थे। प्राथमिक जांच में अनियमितता सामने आने पर अपर परिवहन आयुक्त प्रशासन ने विभागीय कार्रवाई के आदेश दिए।
ब्लैक लिस्टेड वाहन (ट्रक) को रिलीज करने में आरटीओ कानपुर कार्यालय के वरिष्ठ सहायक प्रदीप कुमार दीक्षित को निलंबित कर दिया गया है। प्राथमिक जांच के आधार पर अपर परिवहन आयुक्त प्रशासन ने कार्रवाई की। विभागीय अनुशासनात्मक कार्यवाही के लिए उप परिवहन आयुक्त कानपुर परिक्षेत्र आरआर सोनी को जांच अधिकारी नामित किया है।
विज्ञापन
दरअसल, वाहन संख्या यूपी 71 एटी 0881 को खनन विभाग ने कई बार सीज किया। दिसंबर 2021 से फरवरी 2022 के बीच इस वाहन पर 11 चालान किए गए थे, जो 5 लाख 50 हजार के हैं। जुर्माना भरकर चालान निरस्त न करवाने पर वाहन को ब्लैक लिस्ट कर दिया गया था। खनन विभाग के मुताबिक 9 फरवरी को ये वाहन महोबा से हमीपुर रूट पर चलता पाया गया।
खनन विभाग की टीम ने जब वाहन को पकड़ा और ऑनलाइन चालान देखे तो पता चला कि बिना चालान भरे ही वाहन को ब्लैक लिस्ट से हटा दिया गया था। जिसकी जानकारी पविहन विभाग को दी गई।
विज्ञापन
परिवहन विभाग की जांच में सामन आया कि आरटीओ कानपुर नगर कार्यालय में तैनात वरिष्ठ सहायक प्रदीप कुमार दीक्षित ने वाहन को ब्लैक लिस्ट से हटाया है। उनको नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया। 16 फरवरी को प्रदीप ने जवाब दाखिल किया। इसके बाद अपर परिवहन आयुक्त प्रशासन ने मंगलवार को उन्हें निलंबित करके विभागीय कार्रवाई के आदेश दिए।