गोंडा के व्यापारी की हत्या का मामला उठाया
संजय सिंह ने कहा कि गोंडा के परसपुर थाना क्षेत्र में बर्तन व्यापारी और निषाद पार्टी कार्यकर्ता विनोद कुमार साहनी की हत्या कर दी गई। गंभीर रूप से घायल व्यापारी की लखनऊ के केजीएमयू में इलाज के दौरान मौत हुई। उन्होंने कहा कि मृतक को न्याय दिलाने के लिए प्रदेश के कैबिनेट मंत्री को सड़क पर धरने पर बैठना पड़ रहा है।
आप सांसद ने सवाल उठाया कि जब सत्ता में शामिल लोग ही अपनी सरकार के पुलिस-प्रशासन से न्याय की मांग कर रहे हैं, तो थाने और चौकियों के चक्कर काट रहे आम नागरिकों की स्थिति क्या होगी।
पुलिस की भूमिका पर लगाए गंभीर आरोप
संजय सिंह ने आरोप लगाया कि मामले में स्थानीय पुलिस प्रशासन ने आरोपियों को खुली छूट दी। उनके मुताबिक, मृतक के परिजनों ने परसपुर के थानाध्यक्ष और चौकी प्रभारी पर लापरवाही बरतने तथा आरोपियों के खिलाफ समय पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया है।
उन्होंने कहा कि जब सत्ता के सहयोगी दल के नेता को ही लापरवाह पुलिसकर्मियों पर मुकदमा दर्ज करने, उन्हें निलंबित करने और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरने पर बैठना पड़ रहा है, तो यह सरकार के कानून-व्यवस्था के दावों पर सवाल खड़े करता है।
आरोपियों की गिरफ्तारी और पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग
संजय सिंह ने सरकार से मांग की कि विनोद साहनी हत्याकांड के सभी आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार कर कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही, पीड़ित परिवार को परेशान करने के दोषी पाए जाने वाले पुलिस अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर बर्खास्तगी की कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी व्यापारियों और आम नागरिकों के उत्पीड़न के खिलाफ आवाज उठाती रहेगी और प्रदेश में बढ़ते अपराध के मुद्दे को लगातार उठाएगी।