Road construction in UP: प्रदेश में हाल ही में बनीं 9 सड़कों के नमूने फेल हो गए हैं। पीडब्ल्यूडी मुख्यालय ने यह रिपोर्ट शासन को सौंप दी है। जांच रिपोर्ट का परीक्षण कराया जा रहा है।
बलरामपुर समेत 9 जिलों से लिए गए सड़कों के नमूने लैब की जांच में फेल हो गए हैं। पीडब्ल्यूडी मुख्यालय ने यह रिपोर्ट शासन को सौंप दी है। जांच रिपोर्ट का परीक्षण कराया जा रहा है। साथ ही अब पूरे प्रदेश में नियमित रूप से नवनिर्मित सड़कों की जांच कराने का फैसला भी किया गया है।
विज्ञापन
हरदोई में सड़कों के नमूने फेल होने पर 16 अभियंताओं को निलंबित किया जा चुका है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने बीती 4 नवंबर को समीक्षा बैठक में सभी जिलों में सड़कों की जांच के निर्देश दिए थे। पहले चरण में हरदोई के अलावा नौ अन्य जिलों कानपुर नगर, प्रतापगढ़, मुजफ्फरनगर, आजमगढ़, बलरामपुर, बदायूं, जालौन, बस्ती और गाजीपुर से कुल 36 सड़कों के नमूने लिए गए थे।
लैब की रिपोर्ट के अनुसार, इन जिलों में सड़कों की जांच में तारकोल और इमल्शन मानक के अनुरूप नहीं मिला। बजरी के प्रयोग में भी गड़बड़ी मिली। सभी जिलों में ये नमूने दूसरे जोन के मुख्य अभियंताओं ने लिए थे। उच्चपदस्थ सूत्रों के मुताबिक जांच रिपोर्ट के परीक्षण के बाद संबंधित जिलों के अभियंताओं के खिलाफ कार्रवाई के लिए फाइल उच्चस्तर पर भेजी जाएगी। इसके अलावा हरदोई और उन्नाव की कुछ और सड़कों के नमूने भी जांच के लिए लखनऊ की लैब में भेजे गए हैं।