सपा ने मतदान केंद्रों के आवंटन और नो-मैपिंग मतदाताओं की पहचान में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए मुख्य निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। पार्टी ने प्रक्रिया में पारदर्शिता, डाटा सार्वजनिक करने और राजनीतिक दलों को जानकारी उपलब्ध कराने की मांग की है।
सपा ने यूपी के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मतदाता सूची में नो-मैपिंग मतदाताओं की पहचान प्रक्रिया और मतदान केंद्रों के आवंटन में अनियमितताओं पर चिंता जताई है। पार्टी ने मांग की है कि नो-मैपिंग मतदाताओं की पहचान के लिए आवश्यक दस्तावेजों की मांग की प्रक्रिया में पारदर्शिता बरती जाए और राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) को भी सूची उपलब्ध कराई जाए।
विज्ञापन
ज्ञापन में विशेष रूप से गौतमबुद्ध नगर में बूथों के अनुचित आवंटन पर सवाल उठाए गए हैं। पार्टी का आरोप है कि कुछ क्षेत्रों में मतदाताओं की संख्या कम होने के बावजूद नए बूथ बनाए गए हैं, जबकि कुछ स्थानों पर मतदाताओं की अधिक संख्या के बावजूद बूथों की संख्या पर्याप्त नहीं है।
इसके अलावा बुलंदशहर में नो-मैपिंग और अन्य श्रेणियों के डाटा को अलग-अलग सार्वजनिक करने की मांग की गई है। ज्ञापन में इन मामलों में त्वरित कार्रवाई का आग्रह किया गया है। ज्ञापन सौंपने वालों में सपा के प्रदेश सचिव केके श्रीवास्तव, डॉ. हरिश्चंद्र सिंह यादव और राधेश्याम सिंह शामिल रहे।