प्रदेश में जल्द ही अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस रामायण, बौद्ध और ब्रज सर्किट विकसित किए जाएंगे। पर्यटन विभाग ने केंद्र सरकार की स्वदेश दर्शन योजना के तहत इन्हें विकसित करने का फैसला किया है।
इनमें जहां भगवान राम, कृष्ण और गौतम बुद्ध के जीवन से संबंधित ऑडियो विजुअल देखने को मिलेगा, वहीं लाइट एंड साउंड शो की बेहतर व्यवस्था भी होगी। इन तीनों प्रोजेक्ट्स पर 300 करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च किए जाएंगे।
रामायण सर्किट के तहत अयोध्या में मानगढ़ी, राम की पैड़ी, नया घाट, सूर्यकुंड, भरत कुंड, परिक्रमा मार्ग और हनुमान गढ़ी में मूलभूत सुविधाएं बढ़ाने के साथ ही इन स्थानों का सुंदरीकरण किया जाएगा।
अंतरराष्ट्रीय रामकथा संग्रहालय के पास स्थित खाली जमीन में ऑडियो विजुअल रामायण एक्सपो की सुविधा शुरू की जाएगी। इस थीम पार्क में रामचरित मानस के बालकांड से उत्तरकांड तक का डिजिटल प्रदर्शन होगा। इस प्रोजेक्ट पर करीब 150 करोड़ खर्च किए जाएंगे।