यूपी के कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान।
- फोटो : amar ujala
यूपी के कारागार मंत्री व जिले के प्रभारी मंत्री दारा सिंह चौहान ने शनिवार को गोंडा दौरे के दौरान कहा कि जेलों में क्षमता से अधिक बंदियों की संख्या को देखते हुए राज्य सरकार की ओर से छह नए जेलों का निर्माण किया जा रहा है। 14 नई जेल प्रस्तावित हैं। आने वाले दिनों में 12000 कैदियों की क्षमता वाले जेल तैयार हो जाएंगे।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार हर वर्ग की आस्था का ध्यान रख रही है। जेलों में निरुद्ध बंदी को भी गंगाजल से स्नान का सौभाग्य प्राप्त हो, इसके लिए संगम से जल लाकर 90,000 कैदियों को स्नान कराया गया है। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ की ओर से महिलाओं की सुरक्षा, रोजगार व नौकरी के लिए विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
सपा के विधायक अबू आजमी के औरंगजेब को लेकर दिए गए बयान को लेकर उन्होंने प्रतिक्रिया न देते हुए कहा कि भाजपा सरकार सिर्फ प्रदेश के विकास पर ध्यान दे रही है। कांग्रेस के नेता राहुल गांधी के गुजरात दौरे को लेकर उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को अफसोस है कि उनके कार्यकर्ता अच्छे से कार्य करते तो कांग्रेस भी गुजरात में सरकार बना लेती।
कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर के बेटे अरुण राजभर व कैबिनेट मंत्री दयाशंकर सिंह की बयानबाजी को लेकर उन्होंने बताया दोनों मंत्रियों में दोस्ती है। इसमें मतभेद का सवाल ही नहीं उठता। कार्यक्रम में गौरा विधायक प्रभात वर्मा, जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप, डॉ. नीलम तिवारी, डॉ. ज्योत्सना शुक्ला, मनीषा मिश्रा, रजनी यादव, अनुपम प्रकाश मिश्र, दीपक गुप्ता, राघवेंद्र ओझा और अर्जुन प्रसाद तिवारी आदि मौजूद रहे।