फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपी: तीन दिन अयोध्या में रहेंगे संघ प्रमुख, ध्वजारोहण समारोह में होंगे शामिल; पीएम मोदी से होगी मुलाकात

Sat, 15 Nov 2025 08:54 PM IST
रोहित मिश्र अमर उजाला संवाद, अयोध्या

सार

Mohan Bhagwat in Ayodhya: संघ प्रमुख मोहन भागवत तीन दिन तक अयोध्या में रहेंगे। वह 23 नवंबर की शाम अयोध्या पहुंच रहे हैं। 25 नवंबर को मोदी वहां आएंगे। 
 
विज्ञापन
अयोध्या में तीन दिन रहेंगे संघ प्रमुख। - फोटो : अमर उजाला।
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

 राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक मोहन भागवत तीन दिवसीय प्रवास पर अयोध्या पहुंच रहे हैं। आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों से जुड़े कई बड़े कार्यक्रमों में उनकी भागीदारी होगी। वह 23 नवंबर की शाम अयोध्या पहुंचेंगे। 25 नवंबर को होने वाले ध्वजारोहण समारोह में भी वे शामिल होंगे।

विज्ञापन


पीएम नरेंद्र मोदी व संघ प्रमुख राम मंदिर के शिखर पर ध्वजारोहण करेंगे। 23 नवंबर को वह संघ कार्यालय साकेत निलयम में प्रवास करेंगे। 24 नवंबर को गुरुद्वारा ब्रह्मकुंड में आयोजित गुरु तेग बहादुर के बलिदान दिवस के विशेष कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस आयोजन में संत-समाज, सिख समुदाय, सामाजिक संगठन और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहने वाले हैं। गुरु तेग बहादुर के जीवन, त्याग और हिंदू-धर्म और मानवता की रक्षा के लिए दिए गए सर्वोच्च बलिदान को समर्पित इस कार्यक्रम में भागवत अपने विचार भी रखेंगे। संघ प्रमुख के दौरे को लेकर शुक्रवार की देर शाम संघ कार्यालय में बैठक कर उनके स्वागत की रूपरेखा तय की गई।

शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों की करेंगे समीक्षा
संघ प्रमुख के अयोध्या प्रवास का दूसरा महत्वपूर्ण हिस्सा है, आरएसएस के शताब्दी वर्ष (2025) के लिए चल रही तैयारियों की समीक्षा। अयोध्या सहित पूरे पूर्वांचल में शताब्दी वर्ष को लेकर बड़े पैमाने पर आयोजन प्रस्तावित हैं। भागवत संघ पदाधिकारियों और प्रांत प्रचारकों के साथ विस्तृत बैठक करेंगे। इसमें आगामी समय में होने वाले प्रशिक्षण कार्यक्रम, समाज-संपर्क अभियान, सांस्कृतिक कार्यक्रम और सेवा कार्यों की रूपरेखा पर चर्चा होगी। सूत्रों के अनुसार, अयोध्या को संघ के शताब्दी वर्ष के प्रमुख केंद्रों में शामिल किया गया है और इसी कारण यहां समीक्षा बैठक को विशेष महत्व दिया जा रहा है।

विज्ञापन
विज्ञापन

पीएम मोदी के स्वागत में सजेगी अयोध्या

 राममंदिर में ध्वजारोहण समारोह को लेकर रामनगरी उत्सव के रंग में रंगने को तैयार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राम मंदिर के शिखर पर 25 नवंबर को ध्वजारोहण करेंगे। पीएम के स्वागत में हर घर की छत पर भगवा ध्वज फहराया जाएगा।

श्रीरामजन्मभूमि परिसर को विशेष रूप से सजाए जाने की योजना है। मुख्य मंदिर से लेकर परिक्रमा पथ तक, रंगीन पुष्पमालाओं, विशेष प्रकाश व्यवस्था और दिव्य अलंकरण से परिसर को उत्सवधाम में बदलने की तैयारी है। विशेषज्ञों की टीम मंदिर परिसर में आकर्षक थीम, लाइटिंग, पुष्प सज्जा और पारंपरिक कलात्मक सजावट की ड्राइंंग बनाने में जुटी है, ताकि प्रधानमंत्री को अयोध्या की आध्यात्मिक गरिमा का अद्भुत दृश्य दिख सके। 

रामलला के सिंहासन मंडप, स्वागत द्वार और मंदिर परिसर के मुख्य पथों को विशेष प्रकाश से सजाने का कार्य किया जाएगा। स्थानीय कलाकार पुष्पकला, दीप सज्जा और पारंपरिक रंगोली से परिसर को मनोहारी रूप देंगे।
रामकोट के प्रमुख मंदिरों हनुमानगढ़ी, कनकभवन, रंग महल, रामलला सदनम आदि की भी भव्य सजावट की जाएगी। पीएम मोदी के दौरे को लेकर सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हैं। मुख्य मार्गों की रंगाई–सफाई, ट्रैफिक प्लान और भीड़ प्रबंधन की रूपरेखा तैयार की जा रही है। नगर निगम, ट्रस्ट और प्रशासन संयुक्त रूप से यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि प्रधानमंत्री के स्वागत अवसर पर अयोध्या का हर कोना स्वच्छ, सुसज्जित और दर्शनीय दिखे।

सरयू तट पर आरती घाट बनकर तैयार
 ध्वजारोहण समारोह के दिन सरयू तट पर विशेष आरती व अनुष्ठान की तैयारी है। वहीं सहस्त्रधारा घाट पर विशेष आरती घाट बनकर लगभग तैयार है। समारोह से पहले फिनिशिंग का काम पूरा हो चुका है। आरती घाट पर संगमरमर के पत्थरों की नौ वेदियां बनाई गई हैं। आंजेनय सेवा संस्थान के अध्यक्ष महंत शशिकांत दास ने बताया कि ध्वजारोहण समारोह के दिन 25 नवंबर को मां सरयू की 5100 बत्ती की महाआरती व अभिषेक-पूजन किया जाएगा। संत तुलसीदास घाट पर आरती करने वाले राजा महाराज ने भी विशेष आरती करने की बात कही।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें