सांसद चंद्रशेखर आजाद व असदुद्दीन ओवैसी।
- फोटो : amar ujala
एआईएमआईएम अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने सामाजिक परिवर्तन मोर्चे के गठन के मंच से सपा और अखिलेश यादव पर हमला बोला। उन्होंने अखिलेश के नेतृत्व, मुस्लिम राजनीति और अयोध्या में राम मंदिर जाने के कार्यक्रम पर सवाल उठाए। आजम खां के बहाने सपा के मुस्लिम सांसदों और विधायकों को घेरा।
अखिलेश पर तंज कसते हुए ओवैसी ने अमीर मीनाई का शेर पढ़ा, सरकती जाए है रुख से नकाब आहिस्ता-आहिस्ता, निकलता आ रहा है तेरा चेहरा आहिस्ता-आहिस्ता। कहा, अखिलेश उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री हैं और पूर्व ही रहेंगे। उन्होंने सपा अध्यक्ष की राजनीतिक विरासत और उनके नेतृत्व पर भी सवाल उठाए।
उन्होंने चंद्रशेखर आजाद को लगी गोली का जिक्र करते हुए कहा कि गोली लगने का दर्द आज भी उनके भाई की कमर में है। चंद्रशेखर ने कहा कि दलित उत्पीड़न पर विपक्ष चुप रहता है।
ओवैसी ने आजम खान का मुद्दा उठाकर सपा की मुस्लिम राजनीति पर सवाल खड़े किए। उन्होंने पूछा कि अखिलेश यादव के अयोध्या जाने के कार्यक्रम पर सपा के मुस्लिम सांसद और विधायक क्या सोच रहे हैं? क्या अखिलेश ने इस बारे में आजम खान से अनुमति ली है? उन्होंने सवाल किया कि जब आजम खान मुश्किल दौर से गुजर रहे थे, तब समाजवादी पार्टी ने उनके लिए क्या किया? ओवैसी ने कहा कि बाबरी मस्जिद से जुड़े घटनाक्रम के बाद कई लोगों और उनके परिवारों को मुश्किलें झेलनी पड़ी थीं। ऐसे में सपा के मुस्लिम नेताओं को अपने नेतृत्व से सवाल करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा मुस्लिम समाज को चुनाव के समय राजनीतिक समर्थन के लिए इस्तेमाल करती है, लेकिन उसके हितों के सवाल पर अपेक्षित मजबूती नहीं दिखाती।