उत्तर प्रदेश परिवहन निगम (रोडवेज) ने छठ के मौके पर पौने 27 करोड़ रुपये की कमाई की है। इसमें गाजियाबाद और सहारनपुर परिक्षेत्र का सर्वाधिक योगदान रहा है। इसके पीछे कई मार्गों पर अधिकतर ट्रेनों का बंद होना बताया जा रहा है। निगम के प्रबंध निदेशक धीरज साहू ने मंगलवार को बताया की 21 नवंबर को हुई रोडवेज की 26 करोड़ 84 लाख 89 हजार रुपये की कमाई अब तक का रिकॉर्ड है। रोडवेज की आम दिनों में कमाई 14 से 16 करोड़ रुपये के बीच रहती है। उन्होंने बताया कि गाजियाबाद के क्षेत्रीय प्रबंधक अखिलेश कुमार सिंह और सहारनपुर के क्षेत्रीय प्रबंधक नीरज सक्सेना के टीम की मेहनत के कारण यह संभव हो सका है। गाजियाबाद परिक्षेत्र की कमाई 4 करोड़ 36 लाख 19 हजार और सहारनपुर की 3 करोड़ 27 लाख 18 हजार रुपये है।
उधर, मुख्य प्रधान प्रबंधक संचालन पीआर बेलवरियार ने बताया वर्तमान में निगम के बेड़े की 12000 बस में से 10200 बसें यात्रियों को सफर करा रही है। सर्वाधिक कमाई वाले परिक्षेत्रों को प्रशस्ति पत्र दिए जाएंगे। एक अन्य अफसर ने बताया कि अधिकतर ट्रेनों का संचालन बंद होने के कारण आम लोगों के सफर का साधन निगम की बसें ही रह गई हैं। हालांकि एसी बसों में पर्याप्त यात्री नहीं मिल रहे हैं।