रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा का खर्च 31 प्रतिशत बढ़कर 44.24 करोड़ रुपये पहुंच गया है। इसमें माननीयों, दिव्यांगों की नि:शुल्क यात्राएं शामिल हैं। इस खर्च में 96 प्रतिशत हिस्सेदारी दिव्यांगजनों की है। जबकि माननीयों की बस यात्राओं पर तीन वर्षों में 2.29 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं।
दरअसल, उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम यानी रोडवेज बसों में कुल आठ श्रेणियों को मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलती है। इसमें वर्तमान सांसद व विधायक, पूर्व विधायक, पूर्व विधान परिषद सदस्य, दिव्यांगजन, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, लोकतंत्र सेनानी, मान्यताप्राप्त पत्रकार और राष्ट्रीय व राज्य स्तर पर पुरस्कृत शिक्षक शामिल हैं। बीते तीन वित्तीय वर्षों में नि:शुल्क यात्राओं का खर्च करीब 31 प्रतिशत बढ़कर वर्ष 2024-25 में ₹44.24 करोड़ पर पहुंच गया है। निगम के आंकड़ों के अनुसार यह खर्च वर्ष 2022-23 में ₹33.84 करोड़ और 2023-24 में ₹42.39 करोड़ था। रिकॉर्ड के मुताबिक 2024-25 में निगम के ₹44.24 करोड़ के दावे के मुकाबले शासन से ₹41.25 करोड़ की ही वसूली हो सकी, जिससे करीब ₹2.99 करोड़ का अंतर बना हुआ है। वर्ष 2023-24 में भी ₹42.39 करोड़ के दावे के सापेक्ष ₹40.86 करोड़ ही मिल सके थे।
96 प्रतिशत दिव्यांगजनों पर खर्च
मुफ्त यात्रा के कुल खर्च में 96 प्रतिशत से अधिक हिस्सा दिव्यांगजनों और उनके सहयोगियों का रहा। वर्ष 2024-25 में दिव्यांगजनों ने ₹42.59 करोड़ की 32.12 लाख यात्राएं कीं। वर्ष 2023-24 में यह राशि ₹40.57 करोड़ और 2022-23 में ₹32.20 करोड़ थी। खास बात यह है कि 2022-23 में यात्राओं की संख्या 33.31 लाख थी, जो 2024-25 में घटकर 32.12 लाख रह गई, फिर भी खर्च में ₹10 करोड़ से अधिक का इजाफा हुआ।
1154 माननीयों की बस यात्राओं पर खर्च हुए 2.29 करोड़
वर्तमान और पूर्व जनप्रतिनिधियों ने अपने सहयोगियों सहित तीन वर्षों में कुल ₹2.29 करोड़ का मुफ्त सफर किया। वर्ष 2024-25 में यह रियायत ₹77.12 लाख रही, जबकि 2023-24 में ₹81.97 लाख और 2022-23 में ₹70.28 लाख दर्ज की गई थी। निगम के पास यात्राओं की सटीक संख्या दर्ज नहीं है। अकेले वर्ष 2024-25 में प्रदेश के 111 वर्तमान सांसदों-विधायकों और 23 सहयोगियों ने ₹8.86 लाख की यात्रा की, जो 2023-24 में ₹8.95 लाख और 2022-23 में ₹7.42 लाख थी। वहीं 721 पूर्व विधायकों और 147 सहयोगियों ने ₹57.72 लाख तथा 131 पूर्व विधान परिषद सदस्यों व 21 सहयोगियों ने ₹10.54 लाख का सफर किया।
इन्हें भी मिली सुविधा
वर्ष 2024-25 में लोकतंत्र सेनानियों और सहयोगियों ने ₹47.16 लाख, मान्यता प्राप्त पत्रकारों ने 20,253 यात्राओं में ₹37.52 लाख, स्वतंत्रता सेनानियों ने ₹97,000 और पुरस्कृत शिक्षकों ने 1,829 यात्राओं में सबसे कम ₹2.83 लाख का सफर किया। पत्रकारों ने 2023-24 में 23,874 यात्राओं में ₹42.41 लाख की छूट ली थी।