चुनावी साल में योगी सरकार प्रदेशवासियों को मुफ्त कोरोना वैक्सीन की सौगात दे सकती है। सूत्रों के अनुसार इसके लिए एक फंड (50 करोड़ रुपये या इससे अधिक) बनाए जाने का प्रस्ताव है। 22 फरवरी को पेश होने जा रहे प्रदेश के बजट में इसका एलान हो सकता है। हालांकि यह किस-किस को मुफ्त मिलेगी, गाइडलाइन क्या होगी, इसकी घोषणा बजट के बाद की जा सकती है।
गौरतलब है कि बिहार के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने मुफ्त कोरोना वैक्सीन का वादा कर सर्वाधिक सीटें जीती थीं। प. बंगाल के आगामी विधानसभा चुनाव में भी मुफ्त वैक्सीन का वादा सियासी मुद्दा बना हुआ है। इस बीच, केंद्र सरकार की ओर से स्वास्थ्यकर्मियों, फ्रंटलाइन वर्कर व 50 वर्ष से अधिक उम्र वालों के लिए मुफ्त वैक्सीन का अभियान चल ही रहा है। सूत्रों का कहना है कि प्रदेश सरकार वित्त वर्ष 2021-22 के बजट में केंद्र की स्कीम से छूट रहे लोगों के लिए मुफ्त वैक्सीन का एलान कर सकती है। इसके लिए बजट व्यवस्था पर माथापच्ची चल रही है।
अमेठी को मेडिकल कॉलेज की मिल सकती है सौगात
केंद्रीय मंत्री व अमेठी की सांसद स्मृति ईरानी ने संसद में अमेठी की चिकित्सा सुविधाओं को लेकर वहां के पूर्व सांसद राहुल गांधी पर निशाना साधा था। योगी सरकार 13 निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेजों के लिए बजट प्रावधान करने के साथ अमेठी को नए मेडिकल कॉलेज की सौगात दे सकती है।