डिजिटल क्रांति में यूपी ने झंडे गाड़ दिए हैं। प्रदेश ई-केसीसी के मामले में देश में नंबर-वन बना है। यहां एक लाख से अधिक किसानों ने ई-केसीसी पोर्टल व एप से आवेदन किया। 95 हजार आवेदन के साथ कर्नाटक दूसरे और 42 हजार हरियाणा तीसरे स्थान पर है। आगे पढ़ें विस्तार से...
डिजिटल किसान क्रेडिट कार्ड (ई-केसीसी) के मामले में उत्तर प्रदेश देश में पहले स्थान पर पहुंच गया है। प्रदेश में अब तक एक लाख से अधिक किसानों ने ई-केसीसी पोर्टल या एप के जरिए आवेदन किया है। महज आठ महीने में एक लाख आवेदन का आंकड़ा पार करने वाला उत्तर प्रदेश देश का पहला राज्य बन गया है।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फरवरी में नाबार्ड की डिजिटल केसीसी सुविधा का शुभारंभ किया था। इसके बाद प्रदेश में योजना ने तेजी पकड़ी। डिजिटल माध्यम से घर बैठे आवेदन और प्रक्रिया पूरी होने से किसानों को बैंक शाखाओं के चक्कर लगाने से राहत मिली है। इससे समय और श्रम की बचत भी हो रही है।
करीब 95 हजार आवेदन के साथ कर्नाटक दूसरे और लगभग 42 हजार आवेदन के साथ हरियाणा तीसरे स्थान पर है। सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर ने कहा कि डिजिटल केसीसी का उद्देश्य किसानों को तकनीक के माध्यम से कृषि ऋण से जोड़ना और ऋण प्राप्ति की प्रक्रिया को सरल बनाना है।