बुधवार शाम से देर रात तक हुई भारी बारिश से विधान भवन के जीतने अंदर बनी सड़क तक पानी भर गया। आशियाना, अलीगंज, सरोजनी नगर, डालीगंज सहित शहर के तमाम इलाकों में घुटनों तक पानी भर गया। जिसके कारण बृहस्पतिवार सुबह तक लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं विधान भवन के पास जलभराव की सूचना के बाद मंडलायुक्त रोशन जैकब और नगर आयुक्त गौरव कुमार भी टीम के साथ बारिश के दौरान बुधवार देर रात मौके पर निरीक्षण को पहुंचे।
बारिश के कारण अलीगंज में करीब 20 फिट सड़क भी धंस गई। जिससे करीब 15 फिट गहरा गड्ढा हो गया। यह तो गनीमत रही कि कोई हादसा नहीं हुआ। जानकारी के बाद नगर निगम की टीम ने मौके पर जाकर बैरिकेडिंग कराई।
नगर आयुक्त गौरव कुमार का कहना है कि बारिश को देखते हुए बुधवार रात में ही अभियंत्रण विभाग, जोनल सेनेटरी अधिकारियों, एसएफआई और सभी सुपरवाइजर को तत्काल अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय होकर जलभराव निस्तारण का कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए। निर्देश जारी होते ही नगर निगम की टीमें रात से ही फील्ड पर सक्रिय हो गईं। मुख्य बाजार, चौराहों, अस्पतालों और आवासीय इलाकों में पानी निकासी के लिए पंपिंग सेट लगाए गए। नालों और नालियों में जमे कचरे को हटाने का काम भी तेजी से जारी है, ताकि पानी की निकासी बाधित न हो। नागरिकों से अपील की है कि अगर कहीं भी जलभराव की समस्या सामने आती है तो टोल-फ्री नंबर 1533 पर कॉल कर अपनी शिकायत दर्ज कराएं। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्राप्त शिकायतों का निस्तारण यथाशीघ्र किया जाएगा और बारिश के दौरान नगर निगम की टीमें 24 घंटे फील्ड पर मौजूद रहेंगी।