पटना में खराब मौसम और कम दृश्यता के कारण पुणे से पटना जा रही इंडिगो की उड़ान संख्या 6ई 653 सोमवार सुबह लखनऊ एयरपोर्ट डायवर्ट कर दी गई। एयरपोर्ट प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार पटना एयरपोर्ट पर मौसम अनुकूल न होने के कारण विमान को वहां उतरने की अनुमति नहीं मिल सकी।
विज्ञापन
सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विमान के पायलट इन कमांड अमित शर्मा ने लखनऊ की ओर रुख किया, जिसके बाद सोमवार सुबह पौने तीन बजे फ्लाइट की लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग कराई गई।
विमान में कुल 198 लोग सवार थे, जिनमें 187 वयस्क यात्री, 5 शिशु और 6 क्रू मेंबर्स शामिल हैं। लैंडिंग के बाद सभी यात्रियों को एयरपोर्ट टर्मिनल पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं और विमान की तकनीकी जांच भी की गई। एयरलाइन अधिकारियों के मुताबिक पटना में मौसम साफ होने के बाद फ्लाइट सुबह आठ बजे लखनऊ से पटना के लिए रवाना की गई।