स्टेडियम में शुरू हुए हैंडबॉल ट्रायल में भाग लेते खिलाड़ी
लखनऊ। पहली यूपी प्रो हैंडबॉल लीग के लिए लखनऊ में आयोजित ट्रायल की शुरुआत रविवार को केडी सिंह बाबू स्टेडियम में हुई। इस ट्रायल के पहले दिन करीब 250 खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया जिसमें लखनऊ मंडल सहित गोरखपुर, मिर्जापुर, वाराणसी, अयोध्या और आजमगढ़ मंडल के खिलाड़ियों ने अपना दमखम दिखाया। उत्तर प्रदेश हैंडबॉल एसोसिएशन के कार्यकारी महासचिव अमित पांडेय
ने बताया कि ट्रायल के पहले ही दिन 250 खिलाड़ियों की भागीदारी बताती है कि युवाओं में हैंडबॉल को लेकर गहरी उत्सुकता है। इस लीग से खिलाड़ियों को पहचान के साथ आर्थिक सुरक्षा भी मिलेगी। 25 अगस्त को देवीपटन,
प्रयागराज, कानपुर, बस्ती, झांसी और चित्रकूट मंडल के खिलाड़ियों के लिए ट्रायल होंगे। हैंडबॉल एसोसिएशन इंडिया के कार्यकारी निदेशक डॉ. आनंदेश्वर पांडेय (महासचिव, साउथ एशियन हैंडबॉल फेडरेशन) ने कहा कि यूपी
प्रो हैंडबॉल लीग प्रदेश में हैंडबॉल के लिए नई संभावनाओं का द्वार खोलेगी। मुझे विश्वास है कि इस पहल से उत्तर प्रदेश के खिलाड़ी आने वाले वर्षों में न केवल राष्ट्रीय टीम का हिस्सा बनेंगे बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी देश का नाम रोशन करेंगे।