लखनऊ के चिनहट थानाक्षेत्र में रहने वाली 20 साल की युवती को सीतापुर के पैतेंपुर निवासी युवक ने शादी का झांसा देकर संबंध बनाए। इसके बाद गर्भवती हुई तो छोड़कर भाग गया। दो दिन पहले युवती को प्रसव पीड़ा हुई तो परिवारीजन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से लोहिया अस्पताल के चक्कर लगाते रहे लेकिन इलाज नहीं मिला।
घर में बाथरूम गई युवती को वहीं प्रसव हो गया लेकिन बच्चा कंबोड में जाकर फंस गया। किसी तरह बच्चे को बाहर निकाला गया। इसके बाद उसका इलाज कराया गया। वहीं पीड़िता ने मंगलवार को चिनहट थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने जांच के बाद केस दर्ज करने की बात कही है।
चिनहट इलाके में रहने वाली 20 साल की युवती का एक साल पहले सीतापुर के पैंतेपुर निवासी युवक से दोस्ती हुई। युवक ने उसे शादी करने का झांसा दिया। इसके बाद संबंध बनाए। इसी बीच युवती गर्भवती हो गई। इसकी जानकारी हुई तो युवक ने पहले तो गर्भपात कराने केलिए दबाव बनाया।
विरोध किया तो दूरियां बनाने लगा। युवती के मुताबिक, आरोपी ने पिछले एक महीने से उससे बातचीत भी बंद कर दी। जब इसकी जानकारी परिवारीजनों को हुई तो उन्होंने भी युवक से शादी की बात की लेकिन सफलता नहीं मिली।