आरडीएसओ के दो अधिकारियों पर घूसकांड के बाद आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज करने की तैयारी है। सीबीआई उनके बैंक खातों, निवेश और चल-अचल संपत्तियों की जांच कर रही है। अधिकारियों के परिजनों की संपत्तियां भी जांच के दायरे में हैं। दोनों को कंपनी से चार लाख रुपये की रिश्वत लेते पकड़ा गया था।
प्रयागराज के यात्री/मालकर अधिकारी रणवीर सिंह चौहान को परिवहन विभाग ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। परिवहन आयुक्त आशुतोष निरंजन ने उनके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश भी दिए हैं। विभाग के मुताबिक प्रयागराज के प्रवर्तन दल के वाहन में एक निजी व्यक्ति के रुपये गिनने का मामला सामने आया था। उस दौरान वाहन में यात्री/मालकर अधिकारी और प्रवर्तन स्टाफ मौजूद नहीं था। मामले में रणवीर सिंह चौहान को प्रथम दृष्टया जिम्मेदार माना गया है।
विज्ञापन
जांच में प्रवर्तन कार्रवाई के दौरान निजी व्यक्ति के जरिये अवैध वसूली किए जाने की बात सामने आई है। निजी व्यक्ति के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा भी दर्ज किया जा चुका है। परिवहन विभाग ने माना कि अधिकारी का अपने स्टाफ पर पर्याप्त नियंत्रण नहीं था, जिससे विभाग की छवि प्रभावित हुई। इन्हीं आधारों पर उन्हें निलंबित किया गया है।
निलंबन अवधि में रणवीर सिंह चौहान परिवहन आयुक्त मुख्यालय से संबद्ध रहेंगे। मामले की जांच उप परिवहन आयुक्त (नगर परिवहन) वीके सिंह को सौंपी गई है। उन्हें एक महीने के भीतर जांच पूरी कर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।