बंदरों के चलते अमीनाबाद में दो घंटे तक अंधेरा
अमीनाबाद उपकेंद्र के तहत नजीराबाद में शुक्रवार को बंदरों की उछल-कूद के चलते दो घंटे तक बिजली बाधित रही। शिकायत के बाद भी समस्या का समाधान न होने के कारण व्यापारियों ने समय से पहले दुकानें बंद की दीं।
व्यापारी नेता सुरेश छबलानी ने बताया कि शाम 7:30 बजे बिजली आपूर्ति ठप हुई तो रात 9:30 बजे तक चालू नहीं हो सकी। अधिशासी अभियंता धर्मेंद्र सक्सेना ने बताया कि नजीराबाद की बिजली बंद होने की सूचना उपकेंद्र के जिम्मेदारों ने उनको भी नहीं दी।
बिजली के लिए ढाई घंटे तक जागे 500 परिवार
नूरबाड़ी उपकेंद्र इलाके में केबल जल जाने के कारण बृहस्पतिवार की रात ढाई घंटे तक 500 परिवार बिजली की आस में जागते रहे। उपभोक्ताओं ने बताया कि मातादीन रोड व आसपास के इलाकों में रात 1:30 बजे बिजली आपूर्ति ठप हो गई।
इसके अलावा कुछ अन्य इलाकों में वोल्टेज के उतार-चढ़ाव के कारण बार-बार बिजली आपूर्ति में व्यवधान आया। आधी रात को लोग उपकेंद्र भी गए, मगर कोई सुनवाई नहीं हुई। एसडीओ गुलरेज अली ने बताया कि रात में एक केबल में आग लगने से महज 15 मिनट के लिए आपूर्ति में व्यवधान आया था। हालांकि, उपभोक्ताओं का कहना कि सुबह 4 बजे आपूर्ति बहाल हुई।
यहां भी उपभोक्ताओं ने झेला संकट
बृहस्पतिवार की रात जीपीआरए उपकेंद्र के मिश्रपुर फीडर में ब्रेकडाउन आने से क्षेत्र की बिजली करीब एक घंटे तक बाधित रही। जानकीपुरम गार्डन फीडर पर प्रतिभा मोटर्स के पास एबीसी लाइन में फॉल्ट आने से सप्लाई प्रभावित हो गई।
जांच के दौरान शिवपुरी कॉलोनी में ट्रांसफार्मर के निकट 11 केवी लाइन का तार टूटा मिला। अल्कापुरी क्षेत्र में गायत्री मंदिर के पीछे स्थित ट्रांसफार्मर पर मेंटेनेंस कार्य कराए जाने के कारण आसपास के इलाके में करीब एक से डेढ़ घंटे तक बिजली आपूर्ति बंद रही।