उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने जनवरी 2018 में शुरू हुई सिपाही के 41520 पदों की लिखित परीक्षा के परिणाम घोषित कर दिए हैं। अगले चरण के लिए 62 हजार अभ्यर्थियों को चुना गया है। 6 दिसंबर से इन अभ्यर्थियों का परिक्षेत्रीय मुख्यालय पर अभिलेखों का सत्यापन के लिए बुलाया जाएगा। इसमें सफल होने वाले अभ्यर्थियों को शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए 8 दिसंबर से बुलाया जाएगा।
भर्ती बोर्ड के चेयरमैन जीपी शर्मा ने बताया कि लिखित परीक्षा के बाद निर्धारित पदों के सापेक्ष डेढ़ गुना अभ्यर्थियों की मेरिट सूची जारी की गई है। यानी 41520 पदों के लिए लगभग 62 हजार अभ्यर्थियों को अगले चरण केलिए चुना गया है। इन अभ्यर्थियों का 6 दिसंबर से प्रदेश के कुल 18 परिक्षेत्रीय मुख्यालय लखनऊ, अयोध्या, कानपुर, झांसी, प्रयागराज, चित्रकूट, वाराणसी, मिर्जापुर, आजमगढ़, गोरखपुर, बस्ती, देवीपाटन, मेरठ, सहारनपुर, बरेली, मुरादाबाद, आगरा और अलीगढ़ में अभिलेखों के सत्यापन होगा।
इसमें सफल होने वाले अभ्यर्थियों को 8 दिसंबर से 11 जिलों में शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए बुलाया जाएगा। शारीरिक दक्षता परीक्षा कानपुर, झांसी, गोरखपुर, लखनऊ, अयोध्या, आगरा, बरेली, मेरठ, सहारनपुर, वाराणसी और प्रयागराज में आयोजित की जाएगी। जीपी शर्मा ने बताया कि परीक्षा के परिणाम देर रात तक भर्ती बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड कर दिए जाएंगे जिसे अभ्यर्थी रजिस्ट्रेशन नंबर के माध्यम से देख सकेंगे। सफल अभ्यर्थियों को अभिलेखों के सत्यापन के लिए एडमिट कार्ड डाउनलोड करने का विकल्प दिया जाएगा।