अफसरों के साथ बैठक करते डीजीपी जावीद अहमद
- फोटो : amar ujala
डीजीपी जावीद अहमद ने शनिवार को सभी डीआईजी रेंज के साथ बैठक कर उन्हें पुलिस की छवि सुधारने के निर्देश दिए हैं। कहा कि छोटे-छोटे सांप्रदायिक विवाद ही आगे चलकर बड़ा स्वरूप ले लेते हैं। इन पर समय रहते कार्रवाई करें।
उन्होंने सांप्रदायिक सद्भाव बनाए रखने के लिए प्रभावी कार्रवाई करने की हिदायत देते हुए महिला अपराधों के मसले पर और संवेदनशील होने को कहा।
डीजीपी ऑफिस में हुई इस बैठक में उन्होंने आने वाले त्योहारों गणेश चतुर्थी, गणेश विसर्जन, बकरीद, नवरात्र, महानवमी, दशहरा एवं मोहर्रम की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की।
साथ ही उन्होंने विधानसभा चुनाव के मद्देनजर विगत चुनाव के दौरान संवेदनशील घटनाएं व विवाद जो अब भी चल रहे हैं, उनकी सही जानकारी हासिल करने को कहा।
इनामी अपराधियों को पकड़ने के लिए अभियान चलाने का आदेश
- फोटो : amar ujala
डीजीपी ने शस्त्र लाइसेंसों का सत्यापन भी गंभीरता से करने के निर्देश दिए। सभी डीआईजी रेंज को वांछित व ईनामी अपराधियों को पकड़ने के लिए अभी से अभियान चलाने के निर्देश दिए।
डीजीपी ने विवेचना की गुणवत्ता में सुधार पर जोर देते हुए कहा कि अभी जो विवेचनाएं हो रही हैं उनका स्तर काफी खराब है। यही वजह है कि दोषियों को सजा नहीं मिल पा रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्राधिकारी कार्यालय में लंबित विवेचनाओं से सभी डीआईजी को अपडेट होना चाहिए। इसी के अनुसार वे समीक्षा करें।
इन मुद्दों पर भी हुई चर्चा
बैठक में हाई-वे पेट्रोलिंग, सीसीटीएनएस एवं क्राइम मैपिंग, क्यू मेल का प्रयोग, मैन पावर ऑडिट के बाद निकाले मैन पावर कोर की पुलिसिंग में ही तैनाती, सोशल मीडिया, गुंडों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई, जेल की सुरक्षा व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और महिलाओं के प्रति पुलिस व्यवहार की संवेदनशीलता जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई।