कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन कराने के लिए अब दूसरे थानों की पुलिस भेजकर औचक जांच कराई जाएगी। मास्क न पहनने वालों से जुर्माना वसूला जाएगा। अगर क्षेत्र में अधिक संख्या में लोग बिना मास्क के मिलेंगे तो संबंधित क्षेत्र के पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
क्षेत्र के चौकी इंचार्ज या थानेदार का परिचय भी आपको राहत नहीं दिला पाएगा। हाईकोर्ट ने हाल ही में लखनऊ, कानपुर नगर, प्रयागराज और वाराणसी में बड़ी संख्या में लोगों के मास्क न पहनने पर नाराजगी जाहिर करते हुए पुलिस अफसरों को इसका पालन कराने का निर्देश दिया था।
डीजीपी हितेश चंद्र अवस्थी ने बताया कि पहले चरण में लखनऊ में इसकी शुरुआत होगी। मास्क न लगाने या फेस कवर न करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। लखनऊ के बाद बाकी तीन शहरों और फिर पूरे प्रदेश में यह व्यवस्था लागू कराई जाएगी।
यूपी में मिले 1948 नए मरीज, 2210 को किया गया डिस्चार्ज
यूपी में मंगलवार को 1948 नए कोरोना पॉजिटिव मरीज सामने आए हैं। जबकि 2210 मरीजों को ठीक होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दी गई है। अब तक प्रदेश में 4,57,708 लोगों को संक्रमण ठीक होने के बाद डिस्चार्ज किया जा चुका है। वर्तमान में प्रदेश में मरीजों के ठीक होने की दर 92 प्रतिशत से अधिक है। इस समय प्रदेश में कुल एक्टिव मरीज 22,538 हैं।
प्रमुख सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य आलोक कुमार ने बताया कि प्रदेश में नए मरीजों को मिला कर अब तक 4,87,335 कुल पॉजिटिव मरीज मिल चुके हैं। उन्होंने बताया कि मंगलवार को प्रदेश में 13 मरीजों की मौत हुई है। मरीजों की मृत्यु दर 1.25 प्रतिशत है। संक्रमण की शुरुआत में मृत्यु दर मई में 4.1 प्रतिशत, जून में 3.1, जुलाई में 1.6, अगस्त में 1.3, सितंबर में 1.4 अक्तूबर में 1.3 प्रतिशत थी।
उन्होंने बताया कि कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग से कोरोना संक्रमण पर काफी हद तक काबू पाने में मदद मिली है। मंगलवार को प्रदेश में कुल 1,58,125 नमूनों की जांच की गई। इनमें से 61,617 नमूने आरटीपीसीआर से सरकारी लैब और दो हजार आरटीपीसीआर जांच निजी लैब में की गई है।