पुलिस महकमे ने मंगलवार को किसानों के भारत बंद को बेअसर करने के लिए पूरी ताकत झोंक दी। हालांकि भारत बंद का समर्थन करने वालों ने बंद को कामयाब तो सरकार ने इसे बेअसर बताया।
प्रदेश में कई स्थानों पर किसान सड़कों पर उतरे। तो कई स्थानों पर राजनीतिक दलों के नेताओं ने भी सड़क पर उतर कर बंद को कामयाब बनाने की पूरी कोशिश की, लेकिन पुलिस ने अधिकतर स्थानों पर पानी फेर दिया।
लगभग सभी जिलों में सपा के अधिकतर नेताओं को पहले से ही या तो हिरासत में ले लिया गया था या फिर उन्हें नजर बंद कर दिया गया।
सीतापुर में बंद का असर मिला-जुला रहा। अधिकतर बाजार और दुकानें खुली रहीं। जो दुकानें बंद थीं भी उन्हें पुलिस ने आकर खुलवा दिया। अमेठी में भाकियू नेताओं ने जिला मुख्यालय पर बाइक रैली तो कांग्रेस, आम आदमी पार्टी व कई अन्य किसान संगठनों ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया।